ललित मोदी 16 साल बाद लौटेंगे भारत, FEMA मामले में मिली बड़ी राहत के बाद किया ऐलान
FEMA मामले में कानूनी राहत मिलने के बाद आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने 16 साल बाद भारत लौटने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही कानूनी लड़ाई खत्म हो चुकी है और वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत वापस आ सकते हैं.

नई दिल्ली: आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने 2009 आईपीएल से जुड़े FEMA मामले में राहत मिलने के बाद भारत लौटने की इच्छा जताई है. उनका कहना है कि 16 साल से चल रही कानूनी लड़ाई अब खत्म हो गई है और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वह इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में भारत वापस आ सकते हैं.
ललित मोदी ने क्या कहा
ललित मोदी का कहना है कि अपीलीय ट्रिब्यूनल के फैसले से उन्हें बड़ी राहत मिली है. उनके मुताबिक, वह इतने वर्षों से यही कहते आ रहे थे कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया और अब कोर्ट के फैसले ने उनके पक्ष को मजबूती दी है. उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता हमेशा आईपीएल का भविष्य था और अब यह मामला खत्म होने के बाद वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं. भारत लौटने की टाइमिंग को लेकर मोदी ने बताया कि उनकी बेटी अक्टूबर में बच्चे को जन्म देने वाली है. उन्होंने कहा कि परिवार के साथ समय बिताने के बाद वह भारत लौटने की योजना बना रहे हैं.
क्या है पूरा मामला
यह मामला 2009 में आईपीएल के दूसरे सीजन को दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किए जाने से जुड़ा था. इस मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया करीब 16 वर्षों तक चली. अब ट्रिब्यूनल ने अपने फैसले में माना कि संबंधित विदेशी रेमिटेंस 'करंट अकाउंट ट्रांजैक्शन' की श्रेणी में आते हैं, इसलिए उन पर लगाए गए आरोप टिक नहीं पाए.
सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के नियमों का पालन सुनिश्चित करना ललित मोदी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं थी. साथ ही, उन्हें ऐसे वित्तीय अधिकार भी प्राप्त नहीं थे, जैसा कि जांच एजेंसी ने दावा किया था. इसी आधार पर ट्रिब्यूनल ने उन पर लगाए गए जुर्माने को रद्द कर दिया और उन्हें इस मामले में राहत प्रदान की. वहीं अब ललित मोदी के भारत लौटने की खबर को लेकर जमकर चर्चा हो रही है.


