खालिस्तान समर्थकों से भिड़े दिलजीत दोसांझ: कनाडा में शॉ रोका, बोले ‘जितने झंडे दिखाने हैं दिखा लो...’
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दिलजीत ने आयोजकों को भी निर्देश दिया कि झंडे लहरा रहे लोगों को वेन्यू से बाहर निकाला जाए।

नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ ने कनाडा के कैलगरी में चल रहे अपने 'ऑरा टूर' के दौरान स्टेज पर ही खालिस्तान समर्थकों को लताड़ लगा दी। कॉन्सर्ट के बीच जब कुछ लोग भीड़ में खालिस्तान समर्थक झंडे लहराने लगे तो दिलजीत ने परफॉर्मेंस रोक दी। उन्होंने साफ कहा कि शो में बाधा डालना बंद करें।
सोशल मीडिया पर हुए वायरल
आपको बताते चलें कि इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दिलजीत ने आयोजकों को भी निर्देश दिया कि झंडे लहरा रहे लोगों को वेन्यू से बाहर निकाला जाए। बता दें कि जो झंडे लहराए जा रहे थे, वे भारत में 'गैर-कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम' UAPA के तहत प्रतिबंधित संगठन से जुड़े हैं।
मैं हर मंच पर पंजाब की बात करता हूं- दिलजीत
दरअसल स्टेज से ही दिलजीत दोसांझ ने प्रदर्शनकारियों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वो हमेशा हर मंच का इस्तेमाल पंजाब के मुद्दे उठाने के लिए करते हैं। पिछले साल 'कौन बनेगा करोड़पति' में जाने को लेकर हुई आलोचना को भी उन्होंने खारिज कर दिया।
दिलजीत ने कहा, “मेरा काम चैरिटी करना नहीं है। लेकिन मैं जिस भी मंच पर जाता हूं, हमेशा पंजाब के बारे में बात करता हूं। हम कहते हैं कि नेशनल मीडिया पंजाब पर कम बात करता है। मैं पंजाब की खातिर हर जगह गया, उस चैनल पर भी। मैंने वहां पंजाब के मुद्दे उठाए। जब भी जरूरत पड़ी, मैंने अपने राज्य को दिल खोलकर दान भी दिया है।”
दिलजीत ने गुस्से में दिया खालिस्तानियों को जवाब!
दिलजीत ने गुस्से में कहा, “यदि आपको अब भी इस बात से दिक्कत है कि मैं टीवी पर किसी के सामने बैठा था, तो जितने झंडे दिखाने हैं, दिखाते रहो।” उनके इस बयान पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। ऑनलाइन भी लोगों ने दिलजीत के स्टैंड की तारीफ की। कई यूजर्स ने लिखा कि दिलजीत ने सही समय पर सही जवाब दिया। कुछ ने कहा कि कलाकार को राजनीति में घसीटना गलत है।
जिमी फैलन शो पर भी दी सफाई
गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ ने 'द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फैलन' में जाने को लेकर उठे सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वहां जाने का मकसद खुद का प्रचार नहीं था। वो चाहते थे कि दुनिया का ध्यान पंजाब की तरफ जाए। उन्होंने बताया कि पंजाबी कल्चर को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर ले जाना जरूरी है। दर्शकों ने उनकी इस बात पर भी खूब सपोर्ट किया।


