मान सरकार ने पंजाब पुलिस को गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए किया मजबूत, वॉइस सैंपलों का वॉइस बैंक किया तैयार
आम आदमी पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था और नशा मुक्ति के लिए उठाए जा रहे क्रांतिकारी कदमों की जानकारी साझा की.

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था और नशा मुक्ति के लिए उठाए जा रहे क्रांतिकारी कदमों की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब में युद्ध नशयां विरुद्ध'' और 'गैंगस्टरों पर वार' मुहिम पूरी प्रतिबद्धता के साथ चलाई जा रही है.
पुलिस की तकनीकी प्रगति बलतेज पन्नू ने क्या कहा?
गैंगस्टरों पर शिकंजा मजबूत करने के लिए पंजाब पुलिस की तकनीकी प्रगति पर चर्चा करते हुए पन्नू ने कहा कि हमारी पुलिस अब पूरी तरह हाई-टेक हो चुकी है. अब गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ली जा रही है. पंजाब पुलिस ने एक अत्याधुनिक 'वॉइस बैंक' तैयार किया है जिसमें 84,000 से ज्यादा दोषियों और संदिग्धों के वॉइस सैंपल लिए गए हैं.
उन्होंने बताया कि हाल ही में शम्भू धमाके के मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने पुराने धमाकों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. ये सब गिरफ्तारियां इसी तकनीक की मदद से संभव हुई हैं.
पन्नू ने बताया कि पंजाब पुलिस के पास अब दुनिया भर में सक्रिय लगभग 3 लाख 90 हजार से अधिक अपराधियों का विशाल डेटाबेस उपलब्ध है. वॉइस रिकगनाइजेशन सिस्टम की मदद से अब अपराधियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता महज कुछ ही मिनटों में लगा लिया जाएगा.
पन्नू ने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करने वाला अब बच नहीं पाएगा. सूबे की हाई-टेक पुलिस इस एडवांस टेक्नोलॉजी की मदद से हर अपराधी को पाताल से भी ढूंढ निकालेगी.
नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ मुहिम का जिक्र
नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ आप सरकार की मुहिम का जिक्र करते हुए बलतेज पन्नू ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा 'युद्ध नशयां विरुद्ध' मुहिम पिछले 427 दिनों से निरंतर जारी है. इस अभियान के तहत न केवल भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं, बल्कि नशों के सौदागरों की कमर भी तोड़ी जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने नशे की काली कमाई से आलीशान महल खड़े किए हैं, उन पर सरकार का 'पीला पंजा' (बुलडोजर) लगातार चल रहा है. यह मुहिम तब तक नहीं रुकेगी जब तक पंजाब की धरती से नशे का पूरी तरह खात्मा नहीं हो जाता.


