जैकलीन फर्नांडिस की बढ़ीं मुश्किलें, सुकेश के काले पैसों से लिए करोड़ों के गिफ्ट? ED बोली- हमारे पास पक्के सबूत हैं

अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की मुश्किलें है जो कम होने का नाम ही नहीं ले रही है. ईडी ने जैकलीन के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं. ईडी ने बताया कि जैकलीन को सुकेश की आपराधिक गतिविधियों के बारे में पता था.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की उस अर्जी पर अपना जवाब दाखिल कर दिया है. जिसमें उन्होंने 200 करोड़ के धोखाधड़ी मामले के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ सरकारी गवाह बनने की मांग की थी. केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि जैकलीन के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं. ईडी ने कोर्ट को बताया कि अभिनेत्री को सुकेश की आपराधिक गतिविधियों के बारे में पता था.

जैकलीन को सब पता था

ईडी ने कोर्ट को बताया कि अभिनेत्री को सुकेश की आपराधिक गतिविधियों के बारे में पता था. उसकी असली पहचान और इतिहास जानने के बावजूद उन्होंने न सिर्फ उससे संपर्क बनाए रखा बल्कि महंगे तोहफे भी लेती रहीं. जैकलीन ने हाल ही में दिल्ली की एक कोर्ट में अर्जी दाखिल कर कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की इजाजत मांगी थी. एजेंसी द्वारा दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट में फर्नांडीज को पहली बार आरोपी बनाया गया था और ईडी ने जांच के सिलसिले में उन्हें कई बार समन भी भेजा है.

जैकलीन और सुकेश के बीच नजदीकी

जैकलीन के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कुछ महीने पहले अभिनेत्री के खिलाफ शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने से इनकार कर दिया था. जेल में बंद चंद्रशेखर का दावा है कि वह अभिनेत्री का बॉयफ्रेंड था. दोनों की कई तस्वीरें भी सामने आई थीं जिनसे उनके बीच करीबी रिश्ते का संकेत मिलता है. दूसरी ओर जैकलीन का कहना है कि सुकेश ने उन्हें बताया था कि वह एक बिजनेसमैन है. सुकेश जेल से समय-समय पर जैकलीन को खत लिखता रहा है. इन खतों में वह अभिनेत्री के लिए अपने प्यार का इजहार करता है और उनके बीच के रिश्ते का जिक्र करता है. 

सुकेश पर क्या आरोप हैं?

दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था जिसमें उस पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मालविंदर सिंह की पत्नियों से कथित तौर पर 200 करोड़ की धोखाधड़ी करने का आरोप है. उसके खिलाफ देश भर में कई अन्य मामलों की जांच भी चल रही है.

चंद्रशेखर और उनकी पत्नी, लीना पॉलोज जिन पर इस मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई चल रही है. उनकों दिल्ली पुलिस ने अन्य सह-आरोपियों के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इस मामले में 'महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम' (MCOCA) भी लगाया है. पॉलोज और चंद्रशेखर पर अन्य सह-आरोपियों के साथ मिलकर 'हवाला' सिस्टम का इस्तेमाल करने और अपनी आपराधिक गतिविधियों से कमाए गए पैसों को लॉन्डर करने के लिए 'शेल कंपनियां' बनाने की साजिश रचने का आरोप है.

सुकेश से जुड़ा धोखाधड़ी का मामला

सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से लगभग 200 करोड़ की धोखाधड़ी की. एक सरकारी अधिकारी होने का ढोंग रचकर उसने अदिति को उसके पति के लिए कानूनी मदद दिलाने का झूठा भरोसा देकर ठगा. दिल्ली पुलिस ने शुरू में इस मामले में केस दर्ज किया था जबकि 'प्रवर्तन निदेशालय' (ED) फिलहाल इस धोखाधड़ी से हासिल किए गए पैसों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग पहलू की जांच कर रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो