धुरंधर 2 ने तोड़ा पुष्पा 2 का रिकॉर्ड, 3100 रुपये में बेचा सबसे महंगा फिल्म टिकट! 20 करोड़ का हुआ एडवांस कलेक्शन
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. फिल्म ने रिलीज पहले ही 20 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. इतना ही नहीं फिल्म का टिकट 3100 रुपये में बेची जा रही है.

नई दिल्ली: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' अब बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली यह एक्शन से भरपूर स्पाई थ्रिलर अभी से रिकॉर्ड तोड़ रही है. निर्देशक आदित्य धर की यह फिल्म पहले पार्ट की सफलता के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह पैदा कर रही है. पेड प्रीव्यू शो के लिए बुकिंग शुरू होते ही टिकटों की मांग आसमान छू गई.
3100 रुपये का सबसे महंगा टिकट
मुंबई के बोरीवली स्थित INOX मेगाप्लेक्स के INSIGNIA थिएटर में पेड प्रीव्यू शो (18 मार्च) के लिए प्राइम रिक्लाइनर सीट का दाम 3100 रुपये तक पहुंच गया है. यह कीमत बिना टैक्स के है. इसी थिएटर में 2900 रुपये वाली रिक्लाइनर सीटें भी उपलब्ध थी, लेकिन अब ज्यादातर शो हाउसफुल हो चुके हैं.
उदाहरण के लिए, 10:15 pm के शो में प्राइम सीटें सोल्ड आउट हैं, जबकि 11:15 pm में सिर्फ एक-दो सीटें बची थी. इतनी ऊंची कीमत के बावजूद फैंस टिकट खरीदने के लिए उतावले हैं.
दिल्ली और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी प्रीमियम थिएटर्स में टिकट 2400-2500 रुपये तक के है. मेकर्स ने इस बार 'सुपर ब्लॉकबस्टर प्लस' रेट्स लागू किए हैं, जिससे टिकट सामान्य से महंगे हो गए है.
पुष्पा 2 का तोड़ा रिकॉर्ड
इससे पहले सबसे महंगा रेगुलर फिल्म टिकट अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के नाम था, जहां मुंबई के एक प्रीमियम थिएटर में टिकट 3000 रुपये का बिका था. 'धुरंधर 2' ने इसे पीछे छोड़ दिया. पहले 'भूल भुलैया 3' और 'सिंघम अगेन' जैसे फिल्मों के टिकट भी 2700 रुपये तक पहुंचे थे, लेकिन अब 'धुरंधर 2' ने नया कीर्तिमान बनाया है.
एडवांस बुकिंग में धमाल
पेड प्रीव्यू शो की बुकिंग से फिल्म ने कमाल दिखाया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में 3-4 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. इससे 20 करोड़ से अधिक का एडवांस कलेक्शन हो गया है. कुछ रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 21-24 करोड़ तक पहुंचने की बात कही जा रही है. हिंदी वर्जन में सबसे ज्यादा बुकिंग है, जबकि तेलुगु और तमिल डब वर्जन भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.
उत्तर अमेरिका में भी ओपनिंग वीकेंड के लिए 2 मिलियन डॉलर से ज्यादा की बुकिंग हो चुकी है. यह आंकड़े 'RRR', 'Animal' और 'Baahubali 2' जैसे बड़े रिकॉर्ड्स को चुनौती दे रहे हैं.


