मुंबई: भारतीय संगीत जगत की सिंगर आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. दशकों तक अपनी अनमोल आवाज से देश-दुनिया के दिलों पर राज करने वाली आशा ताई के जाने से संगीत की दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है. आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है. उनके निधन की सूचना मिलते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके लाखों चाहने वालों में गहरा शोक व्याप्त हो गया है.
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आशा भोसले का अंतिम संस्कार 12 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा. अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है.
आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में सात दशकों से अधिक समय तक संगीत जगत पर राज किया. उन्होंने हजारों गाने गाए और हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी आवाज में वह जादू था जो हर पीढ़ी के दिल को छू जाता था.
आशा भोसले ने फिल्मी गीतों से लेकर गजल, भजन और पॉप म्यूजिक तक हर विधा में खुद को साबित किया. उनकी बहुमुखी प्रतिभा उन्हें अन्य गायिकाओं से अलग बनाती थी. उनके गाए कई गाने आज भी लोगों के दिलों में बस चुके हैं. 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम' और 'ये मेरा दिल' जैसे सुपरहिट गाने आज भी उतने ही लोकप्रिय हैं. उनकी आवाज ने कई फिल्मों और कलाकारों को नई पहचान दी.
मिले बड़े सम्मानअपने योगदान के लिए आशा भोसले को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया. उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण जैसे उच्च सम्मान प्राप्त हुए, जो उनके शानदार संगीत सफर को दर्शाते हैं.