भोलारी एयरबेस पर गिरीं 4 ब्रह्मोस मिसाइलें, पाकिस्तान के पूर्व एयर मार्शल का दावा

पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारी मसूद अख्तर ने खुलासा किया है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जवाबी कार्रवाई में ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल किया. उन्होंने बताया कि भारत की इस स्ट्राइक में पाकिस्तान का भोलारी एयरबेस और AWACS विमान तबाह हुआ, जिससे पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ.

calender

भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को करारा झटका दिया है. पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में स्थित आतंकियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें तबाह कर दिया. इस ऑपरेशन के तहत भारत ने पहली बार सर्जिकल और मिसाइल स्ट्राइक का संयुक्त रूप से उपयोग किया, जिससे पाकिस्तान को न केवल सैन्य रूप से बल्कि मनोवैज्ञानिक रूप से भी गहरा नुकसान हुआ.

इस बीच पाकिस्तान के पूर्व एयर मार्शल मसूद अख्तर ने एक बड़ा खुलासा करते हुए माना कि भारत की इस कार्रवाई में पाकिस्तान का भोलारी एयरबेस तबाह हो गया है. उन्होंने बताया कि भारत ने इस हमले में ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल किया. मसूद अख्तर के अनुसार, 10 मई की सुबह चार मिसाइलें भोलारी एयरबेस पर आकर गिरीं, जिनमें से एक मिसाइल उस हैंगर पर लगी जहां पाकिस्तान का अत्याधुनिक AWACS विमान खड़ा था. इससे न केवल विमान को नुकसान पहुंचा बल्कि कुछ सैनिकों की मौत और कई के घायल होने की भी सूचना है.

भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान को भारी नुकसान

मसूद अख्तर ने बताया कि मिसाइल हमले के बाद पायलट घबराकर अपने-अपने फाइटर जेट्स को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यह भारत की प्लान की गई, बेहद सटीक और घातक कार्रवाई थी, जिसमें पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया और एक भी मिसाइल को रोका नहीं जा सका.

पाकिस्तान की बौखलाहट

भारत की इस साहसी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया. पाकिस्तान ने भारत पर जवाबी हमला करने की कोशिश की, लेकिन हर बार असफल रहा. पाकिस्तानी सेना ने भारत के कई शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की, मगर भारतीय सेना ने न केवल सभी हमलों को नाकाम किया, बल्कि पाकिस्तानी सेना के कई ठिकानों को भी तबाह कर दिया.

पूर्व पाक एयर मार्शल का बड़ा खुलासा

ऑपरेशन सिंदूर ने यह साफ कर दिया है कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ सिर्फ बयानबाज़ी नहीं, बल्कि निर्णायक कार्रवाई कर रहा है. इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की रणनीतिक क्षमता, तकनीकी ताकत और जवाबी कार्रवाई की तेज़ी ने पाकिस्तान को सकते में डाल दिया है. पाकिस्तान के पूर्व अधिकारी द्वारा की गई यह स्वीकारोक्ति इस बात का प्रमाण है कि भारत की इस कार्रवाई ने पाकिस्तानी सैन्य ढांचे को गहरा आघात पहुंचाया है. First Updated : Friday, 16 May 2025