'17 गोल्ड बार खरीदा, अमेरिका ही नहीं, दुबई, यूरोप भी गई...', कन्नड़ एक्ट्रेस रन्या राव ने किया कबूल

सोने तस्करी मामले में गिरफ्तारी के दो दिन बाद कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसके पास से 17 सोने की बार बरामद हुई. डीआरआई ने 12.56 करोड़ रुपये का सोना और अन्य संपत्ति जब्त की. रान्या राव वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, जिनकी गिरफ्तारी ने कर्नाटक पुलिस को चुनौती दी है.

Simran Sachdeva

बेंगलुरु हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी मामले में गिरफ्तारी के दो दिन बाद कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव ने अपराध स्वीकार कर लिया. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को बताया कि उसके पास से 17 सोने की बार बरामद की गई हैं. इसके साथ ही, एक्ट्रेस ने बताया कि वो केवल दुबई ही नहीं, बल्कि यूरोप, अमेरिका और मध्य-पूर्व देशों में भी ट्रैवल कर चुकी हैं. रान्या राव का ये बयान डीआरआई के समक्ष उनके पहले आधिकारिक बयान में सामने आया है, जिसमें उन्होंने विदेश यात्रा और तस्करी के मामले को लेकर जानकारी दी है.

सोने की तस्करी में बड़ी गिरफ्तारी 

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 12.56 करोड़ रुपये की कीमत का सोना जब्त किया गया, जिसके बाद रान्या राव के घर पर भी छापेमारी की गई. यहां से 2.06 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुए. डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार ये 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी के मामले में एक बड़ी गिरफ्तारी थी, जो हाल ही में बेंगलुरु हवाई अड्डे पर की गई है.

रान्या राव ने क्या कहा?

रान्या राव ने अपने बयान में कहा कि मैंने यूरोप, अमेरिका और मध्य-पूर्व देशों में यात्रा की है और दुबई और सऊदी अरब भी गई हूं. एक्ट्रेस ने ये भी कहा कि गिरफ्तारी के समय उन्होंने एजेंसी से पूछा था कि उन्हें अगले दिन फिर से पूछताछ की अनुमति दी जाए. गिरफ्तारी के दौरान रान्या ने अपने नाम के रूप में 'हर्षावर्धिनी रान्या' बताया.

डीआरआई ने की बड़ी कार्रवाई

डीआरआई द्वारा जारी बयान के अनुसार, 3 मार्च को एक भारतीय महिला को गिरफ्तार किया गया. महिला के पास से 14.2 किलोग्राम सोने की बार छुपाकर रखी हुई थी, जो विदेशी मूल की थी. मंत्रालय ने कहा कि ये बरामदगी भारतीय कस्टम्स अधिनियम, 1962 के तहत की गई. इस कार्रवाई में कुल 17.29 करोड़ रुपये का माल जब्त हुआ है, जिसमें 4.73 करोड़ रुपये की संपत्ति भी शामिल है.

कौन हैं रान्या राव?

रान्या राव वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, जो वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस हाउसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं. उनकी गिरफ्तारी कर्नाटक पुलिस के लिए एक बड़े सवालिया निशान के रूप में सामने आई है, खासकर जब वो एक प्रभावशाली अधिकारी के परिवार से जुड़ी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag