बिहार की राजधानी पटना में रविवार को महागठबंधन की बैठक हुई, इस बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा हुई. बैठक के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने ऐलान किया कि बिहार में महागठबंधन 243 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा. उन्होंने बताया कि इस गठबंधन में राजद, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एमएल), सीपीएम और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं. झा ने कहा, "हम पूरी तरह एकजुट हैं और हर सीट पर मिलकर लड़ेंगे. हमारा लक्ष्य है एनडीए को हराना और बिहार की जनता के हित में एक नया राजनीतिक अध्याय शुरू करना."
बूथ स्तर तक होगी साझा रणनीति
मनोज झा ने स्पष्ट किया कि इंडिया ब्लॉक के सभी घटक दल बूथ स्तर तक समन्वय स्थापित करेंगे ताकि एनडीए को हराने के लिए संगठित प्रयास किया जा सके. उन्होंने कहा कि अब संघर्ष केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का है.
20 मई की मज़दूर हड़ताल को समर्थन
मनोज झा ने घोषणा की कि इंडिया ब्लॉक 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी मजदूर हड़ताल का समर्थन करेगा. उन्होंने कहा, “यह हड़ताल देश के श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान के लिए है. हम हर स्तर पर उनके साथ खड़े हैं और उनकी मांगों को समर्थन देंगे.”
तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर कोई असहमति नहीं
गठबंधन के अंदर नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए झा ने कहा कि तेजस्वी यादव पर किसी तरह की असहमति नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि समय आने पर सभी जरूरी घोषणाएं की जाएंगी, लेकिन इस वक्त पूरा गठबंधन तेजस्वी के नेतृत्व में एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है.
जाति जनगणना बनी प्राथमिक मांग
राजद सांसद ने जाति जनगणना को महागठबंधन की प्राथमिक मांग बताया. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सामाजिक न्याय की नींव है और जब तक सरकार इसे सही तरीके से लागू नहीं करती, गठबंधन इसकी मांग करता रहेगा. उन्होंने यह भी जोड़ा कि साझा किए गए आंकड़ों की सटीकता पर भी गठबंधन सतर्क निगरानी रखेगा.
आतंकवाद पर सख्त रुख
देश में हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए झा ने कहा कि राजद ऐसी किसी भी घटना की सख्त निंदा करता है. उन्होंने कहा, “जब देश की सुरक्षा की बात आती है, हम किसी भी तरह का समझौता नहीं करते.”
राजनीतिक एकता का प्रदर्शन
आगामी चुनावों से पहले इस बैठक को विपक्षी एकता का बड़ा संकेत माना जा रहा है. यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब विपक्षी दल बिहार में जमीनी स्तर पर फिर से लामबंदी की कोशिश कर रहे हैं और जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर एक मजबूत वैकल्पिक मंच तैयार कर रहे हैं.
First Updated : Sunday, 04 May 2025