जम्मू-कश्मीर के पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो पाकिस्तानी आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो पाकिस्तानी आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया. डेगवार सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि के बाद यह कार्रवाई की गई. सेना का तलाशी अभियान अब भी जारी है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Poonch Encounter: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया. यह कार्रवाई नियंत्रण रेखा (LoC) के पास की गई, जहां आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया. घटना के बाद इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी है.

सूत्रों के अनुसार, यह आतंकवादी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे. सेना ने समय रहते हरकत में आते हुए आतंकियों को ढेर कर दिया. कुछ दिन पहले ही सुरक्षाबलों ने श्रीनगर के बाहरी इलाके में तीन अन्य आतंकवादियों को भी मार गिराया था, जिनमें पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी शामिल था.

LoC के पास घुसपैठ की कोशिश नाकाम

बुधवार को पुंछ के डेगवार सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल देखी गई. सुरक्षाबलों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और इलाके को घेर लिया. इस दौरान मुठभेड़ में दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए. सैन्य सूत्रों के मुताबिक, घुसपैठ की यह कोशिश पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से की जा रही थी. सेना ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है ताकि क्षेत्र को पूरी तरह से सुरक्षित किया जा सके.

श्रीनगर में 3 आतंकी ढेर, पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी शामिल

हाल ही में श्रीनगर के बाहरी इलाके में एक अलग मुठभेड़ में तीन आतंकवादियों को मारा गया. इन आतंकियों में से एक की पहचान सुलेमान उर्फ आसिफ के रूप में हुई. सुलेमान को 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा. इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक शामिल थे. इस ऑपरेशन को ऑपरेशन महादेव नाम दिया गया था, जिसे एक सैटेलाइट फोन की तकनीकी इंटरसेप्ट के आधार पर अंजाम दिया गया.

श्रीनगर में मारे गए अन्य दो आतंकियों की पहचान जिब्रान और हमज़ा अफगानी के रूप में हुई. जिब्रान पर पिछले साल सोनमर्ग सुरंग पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था. वहीं, हमजा अफगानी एक कुख्यात आतंकवादी था, जो कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag