कोलकाता के लग्जरी टॉवर से 'रहस्यमयी मौत'... 19वीं मंजिल से गिरकर महिला की गई जान, जांच में जुटी पुलिस

कोलकाता के आनंदपुर स्थित उर्बाना कॉम्प्लेक्स में 44 वर्षीय संचिता अग्रवाल की 19वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई, पुलिस ने इसे ‘अननैचुरल डेथ’ मानते हुए मामला दर्ज किया है.

Simran Sachdeva

Kolkata news: कोलकाता के आनंदपुर स्थित ईएम बाइपास के पास एक नामी आवासीय परिसर से मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया. 44 वर्षीय संचिता अग्रवाल की ऊंची इमारत से गिरकर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस जांच में जुट गई है.

पुलिस के अनुसार, महिला अपने आवासीय परिसर ‘उर्बाना कॉम्प्लेक्स’ के टॉवर 4 की 19वीं मंजिल से गिरीं. सुबह करीब 5:30 बजे उनका शव इमारत के नीचे गंभीर चोटों के साथ पाया गया. उन्हें तुरंत एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 10:05 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

बेटियों ने की शव की पहचान

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान संचिता अग्रवाल के रूप में हुई है. उनकी बेटियां सुहाना और भूमि ने शव की शिनाख्त की. परिजनों के अनुसार, संचिता अग्रवाल पिछले कुछ दिनों से बेहद चुपचाप रहती थीं और अवसाद से गुजर रही थीं.

बालकनी में मिला स्टूल

जांच के दौरान पुलिस को फ्लैट की बालकनी में एक स्टूल मिला, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उन्होंने खुद छलांग लगाई होगी. एक अधिकारी ने कहा कि अब तक किसी तरह की साजिश या संदिग्ध गतिविधि के सबूत नहीं मिले हैं और ना ही कोई शिकायत दर्ज की गई है.

‘अननैचुरल डेथ’ का मामला दर्ज

पुलिस ने इसे अप्राकृतिक मृत्यु का मामला मानते हुए केस दर्ज किया है. अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और मजिस्ट्रेट इनक्वेस्ट की प्रक्रिया एनआरएस अस्पताल में पूरी की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और अवसाद के गंभीर मुद्दे को उजागर कर दिया है. परिजनों का कहना है कि संचिता अग्रवाल कुछ समय से तनाव और मानसिक दबाव में थीं. पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है.

पहले भी कई मामले आ चुके सामने

इससे पहले भी कोलकाता और अन्य कई बड़े शहरों में ऊंची इमारतों से गिरकर मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें अक्सर अवसाद और मानसिक तनाव जैसी स्थितियों को वजह माना गया है. ये घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी कितनी खतरनाक साबित हो सकती है और समय रहते मदद लेना कितना जरूरी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag