राजस्थान के जयपुर में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के अभिजीत पर किया हमला, जानिए कौन हैं हमलावर लड़के?
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सोमवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया. जब नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ चल रहे आंदोलन के दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके पर सरेआम हमला कर दिया गया.

राजस्थान: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सोमवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया. जब नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ चल रहे आंदोलन के दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके पर सरेआम हमला कर दिया गया. विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने अचानक दिपके पर थप्पड़ बरसाना शुरू कर दिया. इस सनसनीखेज घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने आरोपियों को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है. जिनमें से एक की पहचान जयपुर निवासी राकेश गुर्जर के रूप में की गई है.
कब हुआ हमला
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सोमवार को शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं परीक्षा में कथित अनियमितताओं, सीबीएसई मार्किंग सिस्टम और देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे. कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके पहुंचे, उत्साहित समर्थकों ने उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर दो हमलावर ठीक उनके सामने आए और ताबड़तोड़ थप्पड़ मारने लगे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस के दखल देने से पहले दिपके के समर्थकों ने भी आरोपियों की धुनाई कर दी.
Slap-Kalesh (Cockroach Janta Party (CJP) founder Abhijeet Dipke gets slapped.
Two people together slapped him 4 times, Jaipur RJ)
pic.twitter.com/b7J4qmOv23— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) June 15, 2026
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष
इस हिंसक घटना के बावजूद अभिजीत दिपके ने पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, यह हमला उन ताकतों की सोची-समझी साजिश है जो हमारे आंदोलन को कुचलना चाहती हैं. लेकिन हम ऐसी गीदड़भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है और हम इसे लेकर रहेंगे. दिपके ने जनता से जाति और धर्म की बांटने वाली राजनीति से दूर रहने की अपील की. संगठन ने ऐलान किया है कि परीक्षा प्रणालियों में सुधार की मांग को लेकर वे 20 जून को दिल्ली तक पैदल मार्च करेंगे.
राजस्थान बना पेपर लीक का गढ़: सीजेपी
घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने राज्य सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जो राजस्थान देश को बेहतरीन आईआईटीयंस और चार्टर्ड अकाउंटेंट देता है, वह आज पेपर लीक का मुख्य केंद्र बन चुका है. प्रदर्शन के दौरान लोग हाथों में तिरंगा और 'भ्रष्टाचार को नकारते हैं' जैसे नारे लिखे पोस्टर थामे हुए थे. युवाओं ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच के चित्र बनाकर शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की. राष्ट्रगान और 'भारत माता की जय' के उद्घोष के साथ यह सभा समाप्त हुई, लेकिन युवाओं का आक्रोश अब भी थमा नहीं है.


