वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में किसके छुए पैर? जानें कौन हैं 80 साल के दिग्गज अनुरा टेनेकून

एक वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका के महान पूर्व क्रिकेटर अनुरा टेनेकून के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं. इस दिल छू लेने वाले वीडियो के बाद हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर अनुरा टेनेकून कौन हैं.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर अक्सर खेल कौशल के साथ-साथ खिलाड़ियों के संस्कार भी सुर्खियां बटोरते हैं. ऐसा ही एक खूबसूरत नजारा श्रीलंका के मैदान से सामने आया है, जिसने खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया है. भारतीय टीम के उभरते हुए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान 'ए' टीमों के बीच खेली जा रही ट्राई-सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर हैं.

वीडियो वायरल

इस दौरे से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वह श्रीलंका के महान पूर्व क्रिकेटर अनुरा टेनेकून के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं. इस दिल छू लेने वाले वीडियो के बाद हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर अनुरा टेनेकून कौन हैं.

श्रीलंका के पहले वनडे कप्तान हैं अनुरा टेनेकून

अनुरा टेनेकून श्रीलंका क्रिकेट इतिहास का एक बेहद सम्मानित और ऐतिहासिक नाम है. वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वनडे क्रिकेट में श्रीलंका टीम की कप्तानी करने वाले सबसे पहले खिलाड़ी हैं. 20 अक्टूबर 1946 को अनुराधापुर में जन्मे टेनेकून वर्तमान में करीब 79 वर्ष के हैं. अपने खेल के दिनों में वह मुख्य रूप से दाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाज थे और जरूरत पड़ने पर धीमी गति से बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाजी भी करते थे.

ऐसा रहा अंतरराष्ट्रीय और घरेलू करियर

अनुरा टेनेकून का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा न रहा हो, लेकिन उसका ऐतिहासिक महत्व बहुत बड़ा है. उन्होंने श्रीलंका के लिए कुल 4 वनडे मैच खेले, जिसकी 4 पारियों में 34.25 की सराहनीय औसत से 137 रन बनाए. इस दौरान 59 रन उनका व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर रहा.

5 शानदार शतक

घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड काफी दमदार रहा है. उन्होंने अपने करियर में कुल 61 फर्स्ट क्लास मैच और 18 लिस्ट 'ए' मुकाबले खेले. फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 107 पारियों में उन्होंने 36.26 की औसत से कुल 3,481 रन बटोरे, जिसमें 5 शानदार शतक और 19 अर्धशतक शामिल रहे. इसके अलावा लिस्ट 'ए' क्रिकेट में उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से 274 रन बनाए. गेंदबाजी की बात करें तो फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम 2 विकेट भी दर्ज हैं. वैभव सूर्यवंशी के इस सम्मानजनक व्यवहार ने न केवल भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई है बल्कि युवा पीढ़ी को अपने दिग्गजों का आदर करने का एक बड़ा संदेश भी दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो