प्रियंका चोपड़ा की मां ने शेयर किया अपने घने बालों का सीक्रेट, वायरल हो रहा ये घरेलू नुस्खा

प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने अपने साप्ताहिक हेयर केयर रूटीन का एक आसान घरेलू नुस्खा साझा किया है. उन्होंने बताया कि रसोई में मिलने वाली कुछ साधारण चीजों से तैयार यह मास्क बालों की देखभाल के लिए काफी अच्छा है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: बालों का झड़ना, रूखापन और चमक खोना आजकल आम समस्या बन चुकी है. ऐसे में लोग महंगे प्रोडक्ट्स और ट्रीटमेंट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ आसान घरेलू चीजों से भी बालों और त्वचा की बेहतरीन देखभाल की जा सकती है? अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मां और जानी-मानी कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा ने हाल ही में अपने कुछ ऐसे घरेलू ब्यूटी सीक्रेट साझा किए हैं, जिन्हें वह वर्षों से अपनाती आ रही हैं. उनका दावा है कि इन आसान उपायों ने उनके बालों और त्वचा को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में मदद की है.

डॉ. मधु चोपड़ा ने हाल ही में एक वीडियो के जरिए अपने बालों की देखभाल का तरीका साझा किया. उन्होंने बताया कि हर महीने के पहले सप्ताह में वह एक खास घरेलू हेयर मास्क का इस्तेमाल करती हैं. यह मास्क पूरी तरह प्राकृतिक चीजों से तैयार किया जाता है और बालों को मजबूत बनाने में मदद करता है. उनके अनुसार इस मिश्रण में नारियल तेल, मेथी के बीज, रोजमेरी की टहनी, चावल का पानी और चिया सीड्स शामिल होते हैं. इन सभी चीजों को उचित मात्रा में मिलाकर एक गाढ़ा मिश्रण तैयार किया जाता है.

डॉ. चोपड़ा ने बताया कि पानी में भीगे हुए चिया सीड्स जेल जैसी बनावट तैयार करते हैं, जिससे यह मिश्रण बालों पर आसानी से लगाया जा सकता है. उनका कहना है कि सभी सामग्री की एक-एक छोटी चम्मच लेकर तैयार किया गया यह मास्क बालों को पोषण देने का काम करता है. वह इस मिश्रण को अपने बालों और स्कैल्प पर लगाकर लगभग एक घंटे तक छोड़ देती हैं और फिर सामान्य तरीके से बाल धो लेती हैं. उनके मुताबिक यह तरीका बालों को घना, मजबूत और चमकदार बनाए रखने में मददगार साबित होता है.

हर सप्ताह अपनाती हैं अलग रूटीन

डॉ. मधु चोपड़ा ने बताया कि महीने के हर सप्ताह के लिए उनका अलग हेयर केयर रूटीन होता है. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में वह अपने बाकी ब्यूटी और हेयर केयर रूटीन भी लोगों के साथ साझा करेंगी. वीडियो के अंत में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यही वजह है कि आज भी उनके सिर पर अच्छे और स्वस्थ बाल मौजूद हैं.

त्वचा के लिए भी अपनाती हैं घरेलू नुस्खे

बालों की देखभाल के अलावा डॉ. मधु चोपड़ा अपनी स्किन केयर को लेकर भी काफी सजग रहती हैं. इससे पहले उन्होंने एक घरेलू फेस मास्क के बारे में जानकारी दी थी, जिसका इस्तेमाल प्रियंका चोपड़ा भी करती हैं. उन्होंने बताया कि वह चेहरे पर सामान्य साबुन या फेस वॉश का इस्तेमाल नहीं करतीं. समय-समय पर वह स्क्रब का उपयोग करती हैं ताकि त्वचा पर जमा मृत कोशिकाएं हट सकें और त्वचा साफ बनी रहे.

दही, मलाई और हल्दी से तैयार होता है फेस मास्क

डॉ. चोपड़ा के अनुसार उनका पसंदीदा फेस मास्क ताजा दही, घर की बनी मलाई, हल्दी और ठंडे दूध से तैयार होता है. चूंकि उनकी त्वचा काफी रूखी है, इसलिए वह इसमें थोड़ी मात्रा में मलाई भी शामिल करती हैं. उन्होंने बताया कि दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा को निखारने में मदद करता है. वहीं हल्दी त्वचा की चमक बढ़ाने के लिए उपयोगी मानी जाती है. हालांकि उन्होंने सलाह दी कि जिन लोगों की त्वचा बहुत अधिक संवेदनशील या बेहद गोरी है, उन्हें हल्दी का इस्तेमाल सीमित मात्रा में करना चाहिए.

करीब चार दशक से ब्यूटी और कॉस्मेटोलॉजी के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. मधु चोपड़ा का मानना है कि नियमित देखभाल और प्राकृतिक उपाय लंबे समय तक अच्छे परिणाम दे सकते हैं. उनका कहना है कि बालों और त्वचा की सेहत बनाए रखने के लिए लगातार देखभाल जरूरी है. सही खानपान, घरेलू नुस्खे और नियमित रूटीन अपनाकर लंबे समय तक प्राकृतिक सुंदरता को बरकरार रखा जा सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो