ब्राजीलियन मॉडल के बाद अब पुणे की महिला वकील की फोटो से मचा बवाल, कांग्रेस ने EVM पर लगाया वोट चोरी का आरोप
लोकसभा में राहुल गांधी ने जैसे ही बीजेपी पर 'वोट चोरी' का बम फोड़ा, सदन में हंगामा मच गया. अब बिहार चुनाव के पहले चरण में ताजा बवाल पुणे की एक महिला की इंक वाली उंगली की फोटो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रही है.

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान एक नया विवाद खड़ा हो गया है. विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा 'वोट चोरी' के आरोप लगाने के बाद पुणे की महिला वकील उर्मी की स्याही लगी उंगली वाली फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इस तस्वीर ने कांग्रेस के उन दावों को और हवा दे दिया है, जिसमें कहा गया था कि बीजेपी देश में चुनाव जीतने के लिए वोट चोरी कर रही है.
कांग्रेस इस मामले को बिहार और हरियाणा दोनों राज्यों में हुए चुनावों से जोड़कर पेश कर रही है. पहले भी ब्राजीलियाई महिला की फोटो हरियाणा की वोटर लिस्ट में होने से विवाद बढ़ चुका था.
कांग्रेस का वोट चोरी के आरोपों
गुरुवार को वोट डालने के बाद पुणे की वकील उर्मी ने अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट की, जिसमें उनकी उंगली पर स्याही का निशान स्पष्ट दिख रहा था. पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि मोदी-फाइड इंडिया के लिए वोट दिया. जाई के वोट डाली, बिहार.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस पोस्ट की पड़ताल की और पुराने रिकॉर्ड की मदद से दावा किया कि यह उदाहरण है कि कैसे एक राज्य के वोटर दूसरे राज्य में वोट डाल सकते हैं. राहुल गांधी ने इससे पहले हरियाणा चुनावों में भी इसी तरह के आरोप लगाए थे, जिसमें उन्होंने दावा किया कि एक ब्राजीलियन महिला ने 10 अलग-अलग बूथों पर वोट डाला.
बीजेपी पर कांग्रेस का निशाना
कांग्रेस सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर रेशमा आलम ने कहा कि मल्टी-स्टेट वोटिंग नया स्टार्टअप है. इन्वेस्टर: BJP. प्रोडक्ट: नकली जनादेश. महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने भी मजाकिया अंदाज में लिखा कि मैं लोकसभा में महाराष्ट्र में वोट दूंगा. मैं विधानसभा में बिहार में वोट दूंगा. मैं मोदी के लिए वोट चुराऊंगा.
बीजेपी पर निशाना साधने में कांग्रेस के सहयोगी भी पीछे नहीं रहे. RJD की प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि 2024 में मैडम ने महाराष्ट्र में वोट दिया, और 2025 में वह बिहार में वोट देंगी. उन्होंने खुलेआम लिखा है कि वह मोदी का भारत बनाना चाहती हैं. उन्होंने अपनी सारी शर्म और मर्यादा बेच दी है. जब आप उनसे कुछ पूछते हैं, तो मैडम कहती हैं कि सिस्टम हमारा है. पूरा सिस्टम BJP वालों के लिए केंचुओं की तरह चलता है.
वकील ने दी सफाई
विवाद बढ़ता देख उर्मी ने खुद सफाई दी और कहा कि उनका पोस्ट केवल बिहार के वोटर्स को प्रेरित करने के लिए था. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी दावा नहीं किया कि उन्होंने उसी दिन वोट डाला.
ब्राजीलियन महिला की वायरल तस्वीर
इससे पहले हरियाणा में राहुल गांधी द्वारा ब्राजीलियन महिला की फोटो को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ था. राहुल गांधी ने दावा किया था कि इसका इस्तेमाल वोटर लिस्ट में 22 एंट्रीज़ के लिए किया गया था. बाद में यह सामने आया कि यह फोटो लारिसा नेरी नाम की हेयरड्रेसर की थी, जिसे यह नहीं पता था कि उसकी तस्वीर राजनीतिक विवाद का केंद्र बन जाएगी.


