नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस 2026 से पहले देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियों ने गंभीर चेतावनी जारी की है. इनपुट्स के मुताबिक, खालिस्तानी आतंकी संगठन और बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी समूह नई दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों को निशाना बनाने की साजिश रच सकते हैं. इसी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और राजधानी में चौकसी बढ़ा दी गई है.
खुफिया एजेंसियों का कहना है कि 26 जनवरी से पहले संभावित खतरे को देखते हुए आतंकवाद विरोधी तैयारियों को और मजबूत किया गया है. खुफिया ब्यूरो (IB) के सूत्रों के हवाले से एएनआई ने रिपोर्ट किया है कि पंजाब के कुछ गैंगस्टर विदेश से संचालित खालिस्तानी और कट्टरपंथी सरगनाओं के लिए काम कर रहे हैं और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में भूमिका निभा रहे हैं.
सूत्रों ने बताया की," 26 जनवरी से पहले, खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी जारी की है कि खालिस्तानी आतंकवादी संगठन और बांग्लादेश स्थित आतंकी संगठन नई दिल्ली और देश भर के कई अन्य शहरों को निशाना बनाने का प्रयास कर सकते हैं."
सूत्रों के मुताबिक, विदेशों में बैठे आतंकी सरगना अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए भारत में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आंतरिक सुरक्षा को चुनौती मिल सकती है.
एक आधिकारिक सूत्र ने बताया,"पंजाब स्थित गैंगस्टर विदेशों से संचालित होने वाले खालिस्तानी और कट्टरपंथी सरगनाओं के लिए मुखपत्र के रूप में काम कर रहे हैं. आरोप है कि ये सरगना अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने और आंतरिक सुरक्षा को बाधित करने के लिए आपराधिक नेटवर्क का उपयोग कर रहे हैं."
अलर्ट में यह भी कहा गया है कि ये गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय हैं और धीरे-धीरे खालिस्तानी आतंकी तत्वों के साथ अपने संबंध मजबूत कर रहे हैं.
गणतंत्र दिवस परेड से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए कई मॉक ड्रिल आयोजित की हैं. उत्तरी जिला पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विभिन्न एजेंसियों के साथ अभ्यास कर प्रतिक्रिया समय और समन्वय की जांच की.
जनवरी 2026 के पहले पखवाड़े में उत्तरी दिल्ली के कई संवेदनशील स्थानों पर चार मॉक ड्रिल आयोजित की गईं, जिनमें लाल किला, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार और मेट्रो स्टेशन शामिल हैं. इन इलाकों को सुरक्षा के लिहाज से अत्यधिक संवेदनशील माना जाता है.
26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कम से कम 30 झांकियां निकाली जाएंगी. ये झांकियां भारत की सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक पेश करेंगी.
झांकियां 'स्वतंत्रता का मंत्र - वंदे मातरम' और 'समृद्धि का मंत्र - आत्मनिर्भर भारत'
विषयों पर आधारित होंगी, जो राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक हैं.
First Updated : Saturday, 17 January 2026