भारी बारिश के बीच मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे से फिसला एयर इंडिया का विमान, तीनों टायर फटे, यात्रियों की सांसें अटकी

मुंबई हवाई अड्डे पर सोमवार की सुबह केरल के कोच्चि से आ रही एयर इंडिया की लैंडिंग के दौरान तीन टायर अचानक फट गए और इंजन को भी नुकसान पहुंचा. हालांकि विमान सुरक्षित तरीके से टर्मिनल गेट तक पहुंचा कर सभी यात्रीयों और चालक दल को बिना किसी चोट के बाहर निकाल लिया गया.

calender

Air India Accident Mumbai: मुंबई हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह केरल के कोच्चि से आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2744, एयरबस A320 विमान (VT-TYA), भारी बारिश के कारण रनवे से आगे निकल गई. लैंडिंग के दौरान खराब मौसम की वजह से विमान के तीन टायर फट गए और इंजन को भी नुकसान पहुंचा. हालांकि, विमान सुरक्षित तरीके से टर्मिनल गेट तक पहुंचा, जहां सभी यात्री और चालक दल बिना किसी चोट के उतरे. इस घटना से हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया और आपातकालीन टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया.

एयर इंडिया और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (CSMIA) ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. हवाई अड्डे के मुख्य रनवे को मामूली नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण परिचालन को दूसरे रनवे पर स्थानांतरित कर दिया गया है.

 फ्लाइट नंबर AI 2744

खराब मौसम के कारण विमान रनवे से आगे निकल गया. इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए और इंजन को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलटों ने विमान को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित ढंग से गेट तक पहुंचाया.

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, '21 जुलाई 2025 को कोच्चि से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली AI2744 में लैंडिंग के दौरान भारी बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप लैंडिंग के बाद रनवे का चक्कर लगाना पड़ा. विमान सुरक्षित रूप से गेट तक पहुंच गया और सभी यात्री और चालक दल के सदस्य उतर गए. 

मुंबई एयरपोर्ट की प्रतिक्रिया और सुरक्षा 

सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने बताया, 'कोच्चि से आने वाला विमान सुबह 09:27 बजे रनवे से बाहर निकल गया. स्थिति से निपटने के लिए हवाई अड्डे की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें तुरंत सक्रिय कर दी गईं. सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं. मुख्य रनवे 09/27 को मामूली नुकसान हुआ है. परिचालन को जारी रखने के लिए द्वितीयक रनवे 14/32 को सक्रिय किया गया है. सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है.'

First Updated : Monday, 21 July 2025