मुंबईः एयर इंडिया की मुंबई–लंदन उड़ान AI129 शनिवार को गंभीर तकनीकी खराबी के कारण लगभग सात घंटे देर से रवाना हुई. निर्धारित समय सुबह 6.30 बजे की बजाय उड़ान दोपहर 1 बजे उड़ सकी. इस देरी से यात्रियों में भारी नाराजगी रही और कई ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए.
यात्री सुबह तय समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे. बोर्डिंग सुबह 6 बजे शुरू हुई, जबकि मूल समय 5.20 बजे था. यात्रियों ने बताया कि विमान में चढ़ने के बाद उन्हें बिना किसी जानकारी के लगभग डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा. स्थिति तब स्पष्ट हुई जब क्रू ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी है और उड़ान तुरंत संचालित नहीं हो सकेगी.
सुबह करीब 8.15 बजे यात्रियों को विमान से उतार दिया गया. इसके बाद उनके हैंडबैग की दोबारा जांच की गई. यात्रियों को पहले बताया गया कि उड़ान दोपहर 12 बजे प्रस्थान करेगी, लेकिन बाद में यह समय बदलकर 1 बजे कर दिया गया. कई यात्रियों ने यह भी कहा कि उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और लंबे इंतजार से वे परेशान हो गए, खासकर वे लोग जो रातभर जागकर सुबह की उड़ान पकड़ने आए थे.
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि देरी तकनीकी समस्या के कारण हुई और सभी यात्रियों को आवश्यक जलपान उपलब्ध कराया गया. एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि AI129 उड़ान तकनीकी दिक्कतों के कारण देरी से चल रही है. यह उड़ान अब दोपहर 1 बजे रवाना होगी. यात्रियों को इस बीच जलपान प्रदान किया गया है.
यह घटना ऐसे समय पर हुई जब एक दिन पहले ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ATC फॉल्ट के कारण पूरे देश की उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई थीं.
दिल्ली ATC में आई गड़बड़ी से 800 से ज्यादा उड़ानों का संचालन बाधित हुआ था. इसका असर मुंबई, जयपुर, लखनऊ और कई अन्य शहरों में भी देखा गया. हालांकि मुंबई एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम तक संचालन सामान्य हो गया था, लेकिन शनिवार सुबह कुछ उड़ानों में हल्की देरी की खबरें जरूर आईं.
AI129 के यात्री देरी और सूचना की कमी को लेकर सबसे अधिक नाराज दिखे. कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि एयरलाइन ने स्पष्ट अपडेट नहीं दिए. कई ने ये भी कहा कि उन्हें विमान में बैठाकर रखा गया और बाद में अचानक उतार दिया गया, जिससे असुविधा बढ़ी. First Updated : Saturday, 08 November 2025