खून से लथपथ मिला 6 साल की बच्ची का शव, दरभंगा में सड़क जाम कर परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

दरभंगा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां 6 साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ बलात्कार किया गया. बच्ची का शव जंगल से खून से लथपथ मिला.

Sonee Srivastav

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. यहां खेलते समय एक 6 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर उसके साथ बलात्कार किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई. इस क्रूर वारदात के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है, जिसके चलते विरोध प्रदर्शन हुए.

खेलते-खेलते बच्ची लापता

शनिवार शाम को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में 6 वर्षीय बच्ची दो अन्य छोटी लड़कियों के साथ तालाब के किनारे खेल रही थी. अचानक एक पड़ोसी युवक ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की. दो बच्चियां भाग निकली, लेकिन एक को वह जबरन उठाकर अंधेरे में ले गया.

बच्ची शाम से घर नहीं लौटी तो परिवार और पड़ोसियों ने खोज शुरू की. देर रात कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर लोग तालाब के पास पहुंचे और वहां बच्ची का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

बच्चों के बयान से हुई आरोपी की पहचान 

पुलिस ने जांच शुरू की. भाग निकली दो बच्चियों ने आरोपी को पहचान लिया. उन्होंने बताया कि वह पड़ोसी विकास महतो था. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज दिखाए, जिनमें आरोपी की पुष्टि हुई. पुलिस ने उसके घर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी के कपड़ों पर खून के निशान मिले. दरभंगा के एसएसपी जगनाथ रेड्डी ने कहा कि गहन जांच चल रही है. फोरेंसिक टीम और साइबर सेल भी जुटी हुई हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी.

परिवार का गुस्सा फूटा 

परिवार ने आरोप लगाया कि बच्ची के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या की गई. वे आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. रविवार को गुस्साए लोगों ने सुंदरपुर बेला मंदिर के पास मुख्य सड़क जाम कर दी. प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़, आगजनी और पथराव किया.

पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और भारी बल तैनात किया गया. लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे. एसएसपी ने परिवार को न्याय का भरोसा दिया और शांति बनाए रखने की अपील की. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag