भागलपुर में शादी वाले दिन दूल्हे को घोड़ी से उतारा, फिर चलें लाठी-डंडे, जानें पूरा मामला

बिहार के भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित दोगच्छी गांव में एक शादी समारोह के दौरान विवादित मामला सामने आया है. आरोप है कि बारात के गांव पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने दूल्हे को उसकी जाति का हवाला देते हुए उसे घोड़ी से उतार दिया. 

calender

पटना: बिहार के भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित दोगच्छी गांव में एक शादी समारोह के दौरान विवादित मामला सामने आया है. आरोप है कि बारात के गांव पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने दूल्हे को उसकी जाति का हवाला देते हुए उसे घोड़ी से उतार दिया. वहीं विरोध करने पर बारातियों के साथ मारपीट की गई और बाद में लड़की के घर पर हमला और तोड़फोड़ करने की भी घटना सामने आई है, जिसके बाद इलाके में हडकंप मच गया. 

घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से बाईपास थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. बता दें, इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर मौजूद दिखाई दे रहे हैं. 

क्या है पूरा मामला? 

दुल्हन के घर वालों ने बताया कि हबीबपुर से मंगलवार देर रात बारात दोगच्छी गांव पहुंची थी. इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने बारात को बीच रास्ते में रोक दिया. आरोप है कि उन्होंने घोड़ी पर सवार दूल्हे राशीद को नीचे उतारने की कोशिश की और इस दौरान जातिसूचक टिप्पणियां भी की गईं. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य हो गई. 

परिजनों के साथ की मारपीट 

हालांकि, परिवार का आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद आरोपी पक्ष दोबारा बड़ी संख्या में वहां पहुंचा और लड़की पक्ष के घर में घुसकर हंगामा किया गया.  इस दौरान घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया और परिजनों के साथ मारपीट की गई. इतना ही नहीं पीड़ितों का कहना है कि शादी के लिए तैयार किए गए खाने-पीने के सामान को भी बर्बाद कर दिया गया. 

घर से गायब किमती सामान 

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में रखे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान भी गायब हैं. घटना के बाद परिजनों में भय का माहौल बना हुआ. वहीं पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Thursday, 11 June 2026