पटना: पटना सिविल कोर्ट को बुधवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसके बाद एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया.
सूचना मिलते ही अदालती कार्यवाही रोक दी गई और सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
धमकी की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया. इसके बाद सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया.
जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है. सुरक्षा एजेंसियां कोर्ट के हर कमरे, गलियारे और पार्किंग क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके.
जानकारी के मुताबिक, यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को इस तरह की बम धमकी मिली है. लगातार मिल रही धमकियों के कारण कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
हालांकि अब तक किसी भी धमकी के बाद विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है और हर बार की तरह इस बार भी पूरी सतर्कता बरती जा रही है.
धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है. एजेंसियां आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि बार-बार इस तरह की धमकी कौन और किस मकसद से भेज रहा है.
फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच पूरी होने तक हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. First Updated : Wednesday, 11 February 2026