‘फियर पॉलिटिक्स और फर्जी नैरेटिव...’ विपक्ष पर भड़के सम्राट चौधरी, ईंधन कीमतों पर दिया बड़ा बयान
सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने और अफवाह फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने साफ कहा कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी की बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं.

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राजनीतिक गतिविधियां और बयानबाजी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उसे अफवाह और भ्रम फैलाने वाली राजनीति करने वाला बताया.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर विपक्ष के उस दावे को खारिज किया, जिसमें पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई थी.
विपक्ष की ‘फियर पॉलिटिक्स’ पर निशाना
सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में एक ग्राफिक साझा करते हुए लिखा, “एक बार फिर विपक्ष की फियर पॉलिटिक्स फर्जी साबित हुई. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से साफ कर दिया गया है कि पेट्रोल, डीजल या घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ाने का कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष लंबे समय से अफवाह और भ्रम फैलाकर राजनीति करता आया है, लेकिन अब देश की जनता सच और तथ्यों को पहचानने लगी है.
जनता को गुमराह करने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा, न पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, न डीजल के और न ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के, फिर भी जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने विपक्ष पर लोगों में डर और भ्रम का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश अब जागरूक हो चुका है और झूठ की राजनीति को समझने लगा है.
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
मंत्रिमंडल विस्तार के अगले दिन सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात भी की. मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें नीतीश कुमार उनके कंधे पर हाथ रखे मुस्कुराते नजर आए.
सत्ता पक्ष में एकजुटता का संदेश
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को सत्ता पक्ष के भीतर समन्वय और एकजुटता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सरकार अब संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर भी अधिक सक्रिय नजर आ रही है.


