बिहार में मंत्री के काफिले पर हमला, टोड़े गए गाड़ी के शीशे, अरुण शंकर ने शराब माफियाओं पर लगाया आरोप

मधुबनी में बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हुए हमले ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. मंत्री ने इसके पीछे गंभीर साजिश और शराब माफिया की भूमिका होने का आरोप लगाया है.

calender

मधुबनी: बिहार की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब राज्य सरकार के एक मंत्री के काफिले पर हमला होने की खबर सामने आई. घटना मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड के ठाहर गांव की है, जहां बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले को निशाना बनाया गया. इस हमले में मंत्री सुरक्षित रहे, लेकिन उनके वाहन को नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद रविवार को ठाहर गांव पहुंचे थे. वह गांव के कुछ परिवारों से मुलाकात करने और हाल ही में हुई दुखद घटनाओं के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने गए थे. इसी दौरान अचानक कुछ महिलाओं और ग्रामीणों की भीड़ वहां जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफिले पर बांस, डंडों और पत्थरों से हमला किया गया. हमले के दौरान मंत्री के वाहन का शीशा टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा. हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

मंत्री ने लगाया शराब माफिया पर आरोप

घटना के बाद मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इस पूरे मामले को गंभीर साजिश करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे शराब माफिया का हाथ हो सकता है. मंत्री का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके काफिले को निशाना बनाया. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं से वे डरने वाले नहीं हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. मंत्री ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी साझा की.

पुलिस और प्रशासन तुरंत हुआ सक्रिय

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसपी योगेंद्र कुमार और एसडीपीओ कामिनी कौशल समेत कई अधिकारी कलुआही थाना पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की. पुलिस ने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद ली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

पुलिस महकमे में बढ़ी हलचल

मंत्री के काफिले पर हमले की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने विशेष बैठकें कीं और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई. पुलिस अधिकारियों ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. साथ ही दोषियों के खिलाफ त्वरित न्यायिक प्रक्रिया अपनाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. First Updated : Monday, 08 June 2026