बिहार में विभागों का बंटवारा, निशांत कुमार को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा शुरू हो गया है, जिसमें निशांत कुमार को स्वास्थ्य और विजय कुमार सिन्हा को कृषि विभाग मिला है.

बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन के साथ ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी तेज़ी से शुरू हो गया है. शपथ ग्रहण समारोह के कुछ ही घंटों बाद नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंप दी गई, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा को कृषि मंत्रालय दिया गया है.
जल्द मंत्रियों और उनके विभागों की आधिकारिक सूची होने की संभावना
सरकार की ओर से जल्द ही मंत्रियों और उनके विभागों की पूरी आधिकारिक सूची जारी किए जाने की संभावना है. गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में कुल 32 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहे. समारोह को बिहार की राजनीति में बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया.
इस मंत्रिमंडल में भाजपा और जेडीयू के अलावा एनडीए के अन्य सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व मिला है. 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसके हिस्से में 15 मंत्री पद आए हैं. इनमें कई चेहरे वे हैं जो पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं और विधानसभा चुनावों के बाद बनी सरकार में अहम भूमिका निभा चुके हैं.
जेडीयू से 15 नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह
जेडीयू की ओर से भी 15 नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिली है. इनमें से 13 मंत्रियों ने गुरुवार को शपथ ली, जबकि विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव पहले ही अप्रैल में शपथ लेकर उपमुख्यमंत्री बनाए जा चुके हैं. पार्टी के भीतर निशांत कुमार की एंट्री को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हो रही है, क्योंकि इसे जेडीयू में नई पीढ़ी की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.
एनडीए के अन्य घटक दलों को भी सरकार में प्रतिनिधित्व दिया गया है. चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से संजय कुमार सिंह और संजय कुमार पासवान को मंत्री बनाया गया है. वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दीपक प्रकाश को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. इन नेताओं की वापसी से सहयोगी दलों का संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है.


