बिहार: बिहार की राजधानी पटना का चर्चित कोचिंग हब इस समय एक भीषण विवाद और कानूनी रार के केंद्र में है. छात्रों के बीच अपनी अनूठी शिक्षण शैली के लिए बेहद लोकप्रिय 'खान ग्लोबल स्टडीज' के संचालक फैजल खान उर्फ 'खान सर' इस समय पटना से फरार बताए जा रहे हैं.
कई जिलों में छापेमारी
पटना पुलिस की विशेष जांच दल उनकी गिरफ्तारी के लिए पटना और उसके आसपास के कई जिलों में लगातार दबिश दे रही है. विवाद बढ़ने के बाद से खान सर सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. जबकि पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी केस डायरी स्थानीय अदालत में पेश कर दी है.
दो रातों में हुआ खूनी संघर्ष
इस पूरे विवाद की मुख्य जड़ बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के नतीजों के बाद शुरू हुई व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा है. 27 मई को सिपाही भर्ती का परिणाम घोषित होने के बाद 'खान ग्लोबल स्टडीज' और 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' दोनों ही बड़े संस्थानों ने अपने-अपने यहां से रिकॉर्ड छात्रों के सफल होने का दावा ठोका.
दोनों संस्थानों के बीच जंग
शहर भर में पोस्टर-बैनर लगाने और सफल अभ्यर्थियों के सम्मान समारोह आयोजित करने की होड़ मच गई. इसी दौरान आरोप लगा कि खान ग्लोबल स्टडीज के कुछ कर्मियों ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के प्रचार बोर्ड के ऊपर अपना बैनर टांग दिया. यह मामूली विवाद देखते ही देखते दोनों संस्थानों के बीच प्रतिष्ठा की जंग बन गया. इसके बाद 2 और 3 जून की रात को तनाव चरम पर पहुंच गया. जब दोनों गुटों के बीच जमकर पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग हुई.
वायरल वीडियो ने पलटी जांच की दिशा
शुरुआत में खान ग्लोबल स्टडीज की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को हमले के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. लेकिन इसके तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल होने से पूरा मामला पलट गया.
संस्थान पर छापेमारी
इस वायरल वीडियो में कथित तौर पर खान सर के संस्थान से जुड़े निजी सुरक्षाकर्मी खुलेआम हथियार लहराते और गोलियां चलाते नजर आए. वीडियो का संज्ञान लेते हुए पटना पुलिस की टीम ने कदमकुआं इलाके में स्थित संस्थान पर छापेमारी कर दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया.
एफआईआर दर्ज
पुलिस ने उनके पास से मिले दोनों हथियारों को जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी जांच के लिए भेज दिया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब पुलिस ने खान सर को भी इस हिंसा का आरोपी बनाते हुए कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज की है.
पटना कोचिंग में हड़कंप
पुलिस अब इस बात की कड़ाई से तफ्तीश कर रही है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में गोलीबारी का आदेश किसने दिया और हथियारों का यह इस्तेमाल किस मंशा से किया गया था. इस बड़े एक्शन के बाद पटना के कोचिंग जगत में हड़कंप मचा हुआ है. First Updated : Monday, 08 June 2026