कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी दिल्ली पहुंचे, विदेश राज्य मंत्री ने किया स्वागत

कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे है।

Lalit Hudda
Edited By: Lalit Hudda

कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी सोमवार को भारत की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने कंबोडियाई राजा की अगवानी की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इसकी जानकारी दी। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट लिखा, "कंबोडिया के महामहिम राजा नोरोडोम सिहामोनी भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। भारत और कंबोडिया के बीच सभ्यतागत संबंधों को और गहरा करने का अवसर।" 

विदेश मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छह दशक बाद कंबोडिया के राजा की भारत यात्रा हो रही है। कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच एक तरह से राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के जश्न का समापन है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि "राजकीय यात्रा भारत और कंबोडिया के बीच राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के समारोह की परिणति का प्रतीक है, जो 1952 में स्थापित हुए थे।"

कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी का 30 मई को राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया जाएगा और शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय भोज आयोजित करेंगी। अपनी भारत यात्रा के दौरान कंबोडिया के राजा राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री एस जयशंकर नरेश से भी मुलाकात करेंगे। 

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो