चंद्रयान-5 को केंद्र से मिली मंजूरी, जानें कब होगा लॉन्च, क्या करेगा काम

मिशन चंद्रयान-5 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है. रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रयान-5 मिशन को केंद्र से मंजूरी मिल गई है. इसे जापान के साथ मिलकर लॉन्च किया जाएगा. यह चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के साथ-साथ कई अन्य मिशन को अंजाम देगा. हालांकि, अभी ये तय नहीं हुआ है कि चंद्रयान-5 कब लॉन्च किया जाएगा. इससे पहले चंद्रयान-4 की 2027 में लॉन्चिंग होगी.

calender

इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने रविवार को कहा कि केंद्र ने चंद्रमा का अध्ययन करने के लिए महत्वाकांक्षी चंद्रयान-5 मिशन को अपनी मंजूरी दे दी है. बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष का पदभार संभालने के लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में नारायणन ने कहा कि चंद्रयान-5 मिशन चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के लिए 250 किलोग्राम का रोवर ले जाएगा. आपको बता दें कि चंद्रयान-3 25 किलोग्राम का रोवर 'प्रज्ञान' को लेकर चांद पर उतरा था.

चंद्रयान-2 अभी भी कर रहा काम

चंद्रयान मिशन में चंद्रमा की सतह का अध्ययन करना शामिल है. 2008 में सफलतापूर्वक लॉन्च किए गए चंद्रयान-1 ने चंद्रमा की रासायनिक, खनिज और फोटो-भूगर्भिक मैपिंग की. चंद्रयान-2 मिशन (2019) 98 प्रतिशत सफल रहा, लेकिन अंतिम चरण में मिशन का सिर्फ़ दो प्रतिशत ही हासिल किया जा सका. अंतरिक्ष विभाग के सचिव नारायणन ने कहा कि चंद्रयान-2 पर लगा हाई रिजोल्यूशन कैमरा अभी भी सैकड़ों तस्वीरें भेज रहा है. चंद्रयान-3 मिशन चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित लैंडिंग और चंद्रमा की सतह पर घूमने की संपूर्ण क्षमता का प्रदर्शन करना है.

कब चांद पर लैंड हुआ था चंद्रयान-3?

इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च किया है. बताते चलें कि चंद्रयान 3 मिशन के तहत लैंडर विक्रम ने 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक 'सॉफ्ट लैंडिंग' की. नारायणन ने कहा कि अभी तीन दिन पहले ही हमें चंद्रयान-5 मिशन के लिए मंजूरी मिली है. हम इसे जापान के साथ मिलकर करेंगे.

2027 में लॉन्च होगा चंद्रयान-4 मिशन

चंद्रयान-4 मिशन के 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है जिसका लक्ष्य चंद्रमा से एकत्र किए गए नमूने लाना है. इसरो की भविष्य की परियोजनाओं के बारे में नारायणन ने कहा कि गगनयान समेत विभिन्न मिशनों के अलावा भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन- भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की योजना भी चल रही है. First Updated : Monday, 17 March 2025