कर्नाटक में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे पर बवाल, भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला

कर्नाटक के मैंगलुरु में क्रिकेट मैच के दौरान 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पोस्टमार्टम में मौत का कारण भीड़ द्वारा की गई बर्बर पिटाई पाया गया है और 19 लोगों पर FIR दर्ज की गई है.

Simran Sachdeva

कर्नाटक के मैंगलुरु में एक लोकल क्रिकेट मैच के दौरान 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने पर एक युवक की भीड़ द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने 10 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना को लेकर राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने पुष्टि की है कि युवक की मौत मौके पर नहीं हुई थी, बल्कि बाद में उसकी चोटों के चलते उसने दम तोड़ा. उन्होंने कहा कि फिलहाल विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है और जांच जारी है.

क्या हुआ था क्रिकेट मैच के दौरान?

रविवार दोपहर करीब 3 बजे ये घटना एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान घटी, जिसमें 10 टीमें और 100 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे. चश्मदीदों के मुताबिक, एक युवक और सचिन नाम के व्यक्ति के बीच कहासुनी हुई जो जल्द ही हिंसा में तब्दील हो गई. इसके बाद कुछ लोगों ने युवक को डंडों और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया. कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ उपद्रवियों ने मारपीट जारी रखी. युवक की लाश शाम करीब 5:30 बजे एक मंदिर के पास मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

पीठ, हाथ-पैर पर डंडों से पिटाई के निशान

मैंगलुरु पुलिस कमिश्नर अनुपम अग्रवाल ने बताया कि पहले तो शरीर पर कोई बाहरी गंभीर चोट नजर नहीं आई, इसलिए शुरुआत में मौत को ‘प्राकृतिक’ माना गया. लेकिन बाद में सामने आई जानकारी ने इस घटना की गंभीरता उजागर की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक की मौत पीठ पर कई बार वार किए जाने के कारण हुए आंतरिक रक्तस्राव और शॉक से हुई है. रिपोर्ट में पीठ, हाथ-पैर, नितंबों और गुप्तांगों पर भी लकड़ी के डंडों से पिटाई के निशान पाए गए.

दर्ज हुई FIR, CCTV और मोबाइल डेटा से जांच जारी

33 साल के दीपक कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने अब तक 19 लोगों को FIR में नामजद किया है और CCTV फुटेज व मोबाइल डेटा की जांच के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जो भी इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसे कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दी जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag