जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग गोंडोला में तकनीकी खराबी से 300 पर्यटकों की अटकी सांस! CMO ने दी ये प्रतिक्रिया
घटना की खबर मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। सेना की 9 राज राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मिलकर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

श्रीनगर: सोमवार, 25 मई 2026 को जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बड़ा हादसा टल गया। यहां मशहूर केबल कार सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। इससे करीब 300 पर्यटक हवा में ही फंस गए। गोंडोला के अचानक रुकते ही लोगों में डर और घबराहट फैल गई। कई केबिन पहाड़ों के बीच हवा में लटके रह गए।
सेना और पुलिस ने संभाला मोर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना की खबर मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। सेना की 9 राज राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मिलकर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तांगमर्ग के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की।
केबिन में फंसे बच्चे और महिलाएं घबराए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोंडोला के अचानक बंद होने से केबिन में बैठे बच्चे और महिलाएं बुरी तरह डर गए थे। कई वीडियो सामने आए जिनमें पर्यटक हवा में लटके केबिनों के अंदर मदद का इंतजार करते दिखे। नीचे बचाव दल उन्हें सुरक्षित निकालने की प्लानिंग में जुटा था।
अधिकारी बोले, 'काबू में हालात'
वहीं इस घटना को लेकर प्रशासन ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से सेवा को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था। टीमें तुरंत एक्टिव हुईं और फंसे हुए पर्यटकों को प्राथमिकता पर निकाला गया। तकनीकी विशेषज्ञों को भी खराबी ठीक करने के लिए लगाया गया ताकि सेवा जल्द शुरू हो सके।
सीएम ऑफिस ने दिया भरोसा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय ने कहा कि सरकार हालात पर नजर रख रही है। सभी केबिन सुरक्षित हैं। प्रशिक्षित टीमें फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल रही हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। स्थिति पूरी तरह काबू में है।
Government is closely monitoring the situation at the Gulmarg Gondola after the cable car service was temporarily halted due to a technical fault. All cabins remain intact and rescue operations to safely evacuate stranded tourists are underway with trained teams on the ground.…
— Office of Chief Minister, J&K (@CM_JnK) May 25, 2026
दुनिया की सबसे ऊंची केबल कार में से एक
गुलमर्ग गोंडोला दुनिया की सबसे ऊंची केबल कार परियोजनाओं में गिनी जाती है। यह कश्मीर आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद है। गर्मियों में यहां भारी भीड़ होती है। इस घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों पर फिर से सवाल उठे हैं, लेकिन बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया।


