खोया सामान वापस मिला तो भावुक हुई विदेशी महिला, देहरादून पुलिस को लगाया गले
मेहमानों की सुरक्षा और मदद के लिए उत्तराखंड पुलिस हमेशा तत्पर रहती है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा भावुक वीडियो वायरल हुआ है.

नई दिल्ली: 'देवभूमि' कहे जाने वाले उत्तराखंड की वादियों में हर साल लाखों विदेशी पर्यटक भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का अनुभव करने आते हैं. इन मेहमानों की सुरक्षा और मदद के लिए उत्तराखंड पुलिस हमेशा तत्पर रहती है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा भावुक वीडियो वायरल हुआ है.
महिला का सामान अचानक गायब हो गया
जिसने इंटरनेट जगत का दिल जीत लिया है. ऋषिकेश घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक का पासपोर्ट, नकदी और मोबाइल फोन अचानक कहीं खो गया. देहरादून पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय में इस पूरे सामान को सुरक्षित ढूंढ निकाला. जब पुलिस ने महिला को उसका बैग वापस सौंपा तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उसने भावुक होकर पुलिसकर्मी को गले लगा लिया.
पासपोर्ट और कैश खोने से डर गई महिला
यह घटना उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन और आध्यात्मिक केंद्र ऋषिकेश की है. एक विदेशी महिला अपने साथी के साथ यहां छुट्टियां बिताने आई थी. यात्रा के दौरान अचानक उसका बैग कहीं गुम हो गया. इस बैग में न सिर्फ उसका कीमती मोबाइल फोन और भारी मात्रा में नकदी थी बल्कि उसका सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज 'पासपोर्ट' भी था.
बेहद डरावना सपना
किसी भी विदेशी नागरिक के लिए दूसरे देश में पासपोर्ट का खो जाना एक बेहद डरावना सपना होता है क्योंकि इसके बिना वे न तो वापस अपने वतन लौट सकते हैं और न ही किसी होटल में ठहर सकते हैं. विदेशी पर्यटक भारत में आमतौर पर डिजिटल भुगतान के बजाय नकदी पर ज्यादा निर्भर रहते हैं. सारा पैसा और दस्तावेज एक साथ चले जाने से महिला बेहद चिंतित और लाचार हो गई थी.
देहरादून पुलिस 'जेंटलमैन' का अंदाज
परेशान विदेशी पर्यटक ने इस घटना की शिकायत देहरादून पुलिस से की. मामले की संवेदनशीलता और देश की छवि को ध्यान में रखते हुए पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और खोजबीन शुरू कर दी. तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से पुलिस ने महिला का खोया हुआ बैग सकुशल बरामद कर लिया. उत्तराखंड पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (@uttarakhandcops) से साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही पुलिस अधिकारी महिला को उसका सामान सौंपते हैं वह खुशी के मारे उछल पड़ती है.
पुलिस को लगाया गले
अपने पासपोर्ट को सुरक्षित पाकर वह उसे अपने सीने से लगा लेती है और अपनी भावनाओं पर काबू न रखते हुए सामने खड़े पुलिसकर्मी को गले लगा लेती है. पुलिसकर्मी भी पूरी शालीनता और एक सच्चे जेंटलमैन की तरह अपनी ड्यूटी निभाकर मुस्कुराता रहता है.
ऋषिकेश भ्रमण के दौरान विदेशी नागरिक के मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं पैसों से भरे गुम हुए बैग को देहरादून पुलिस द्वारा खोजकर वापस दिया गया, जिससे वह बहुत खुश हुए और आभार प्रकट किया।#UttarakhandPolice @DehradunPolice pic.twitter.com/JXjmtWIm9r
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) May 24, 2026
तस्वीरें भी खिंचवाई
इसके बाद विदेशी जोड़े ने पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया और इस सुखद पल को यादगार बनाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ कई तस्वीरें भी खिंचवाई. सोशल मीडिया पर अब तक इस वीडियो को 4 लाख से ज्यादा व्यूज और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं. जहां लोग उत्तराखंड पुलिस की इस ईमानदारी और मानवीय चेहरे की जमकर तारीफ कर रहे हैं.


