सीने में 13 सेंटीमीटर तक धंसी थी चाकू की ब्लेड, मौत से जंग जीत गया यूपी का युवक, डॉक्टरों ने कर दिखाया चमत्कार

उत्तर प्रदेश के एक युवक के सीने में 13 सेंटीमीटर लंबी चाकू की ब्लेड फंसने के बावजूद लखनऊ के KGMU डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर उसकी जान बचा ली.

Sonee Srivastav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के एक 34 वर्षीय युवक की जान डॉक्टरों की सूझबूझ और समय पर किए गए इलाज से बच गई. युवक के सीने में करीब 13 सेंटीमीटर लंबी चाकू की ब्लेड गहराई तक धंसी हुई थी, जो फेफड़े के पास मौजूद बड़ी रक्त वाहिका के बेहद करीब पहुंच चुकी थी. लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर ब्लेड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. फिलहाल मरीज की हालत में लगातार सुधार हो रहा है.

हमले में सीने में धंस गई थी चाकू की ब्लेड

जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी निवासी सर्वेश पर 4 जुलाई की रात धारदार हथियार से हमला किया गया था. हमले के दौरान चाकू की ब्लेड उनके सीने के दाहिने हिस्से में गहराई तक धंस गई. पहले उन्हें स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए अगले दिन लखनऊ के KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.

जांच में सामने आई गंभीर स्थिति

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पाया कि सर्वेश के शरीर में काफी अंदरूनी रक्तस्राव हो चुका था और उनका ब्लड प्रेशर भी बेहद कम था. सीटी स्कैन में पता चला कि ब्लेड फेफड़े के उस हिस्से तक पहुंच गई थी, जहां से प्रमुख रक्त वाहिकाएं और श्वास नलियां गुजरती हैं. इतना ही नहीं, ब्लेड एक बड़ी रक्त वाहिका के बेहद करीब जाकर रुकी थी, जिससे स्थिति बेहद जोखिम भरी हो गई थी.

जल्दबाजी नहीं, बनाई खास रणनीति

डॉक्टरों ने तुरंत ब्लेड निकालने के बजाय पहले पूरी योजना बनाई. विशेषज्ञों का मानना था कि अगर बिना तैयारी के ब्लेड निकाली जाती, तो तेज अंदरूनी रक्तस्राव से मरीज की जान जा सकती थी. इसलिए ऑपरेशन थिएटर में पहले आसपास की रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित किया गया और उसके बाद ही ब्लेड को सावधानी से बाहर निकाला गया.

कई विशेषज्ञों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन

यह जटिल सर्जरी ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डॉक्टरों की अगुवाई में की गई. ऑपरेशन के दौरान मरीज के सीने से करीब 500 मिलीलीटर जमा खून और थक्के निकाले गए. इसके बाद क्षतिग्रस्त रक्त वाहिका की मरम्मत की गई और फेफड़े को सुरक्षित बचा लिया गया.

ICU में चल रहा इलाज

सफल ऑपरेशन के बाद सर्वेश को आईसीयू में रखा गया है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत पहले से काफी बेहतर है और इलाज का अच्छा असर दिखाई दे रहा है. समय पर सही निर्णय और विशेषज्ञों की टीमवर्क की बदौलत एक बेहद मुश्किल ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की जान बचाई जा सकी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो