ईरान में बढ़ी हलचल, अली खामेनेई के स्मृति समारोह में मोजतबा की पहली झलक पर टिकी निगाहें
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की याद में अगले सप्ताह तेहरान में एक विशेष स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह समारोह मंगलवार को तेहरान में शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच आयोजित होगा.

नई दिल्ली: ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की याद में अगले सप्ताह तेहरान में एक विशेष स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा. मशहद में उनके अंतिम संस्कार के कुछ दिनों बाद होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर काफी चर्चा है. इसकी वजह यह है कि माना जा रहा है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई इस मौके पर पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आ सकते हैं. हालांकि, उनकी मौजूदगी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
कब और कितने बजे होगा आयोजित होगा समारोह?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह समारोह मंगलवार को तेहरान में शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच आयोजित होगा. अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई को देश की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन तब से वे किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए हैं. यही वजह है कि उनके स्वास्थ्य और सार्वजनिक जीवन को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं.
डोनाल्ड ट्रंप उठाए थे सवाल
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर सवाल उठाए थे. ट्रंप ने कहा था कि यह साफ नहीं है कि वह देश का नेतृत्व करने की स्थिति में हैं या नहीं. हालांकि, ईरान ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि मोजतबा पूरी तरह स्वस्थ हैं और देश से जुड़े सभी अहम फैसले खुद ले रहे हैं.
इसी दौरान ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मोजतबा खामेनेई की एक नई तस्वीर भी जारी की. संगठन का कहना है कि यह तस्वीर सर्वोच्च नेता के आधिकारिक कार्यालय की वेबसाइट पर भी प्रकाशित की गई है. इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि देश का नेतृत्व पूरी तरह सक्रिय है.
पिता की हत्या का लिया जाएगा बदला
वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. मोजतबा खामेनेई ने हाल ही में एक लिखित संदेश में कहा कि उनके पिता की हत्या का जवाब देना पूरे देश की इच्छा है और इसका बदला जरूर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनका व्यक्तिगत फैसला नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की भावना है.
मोजतबा का यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ घंटे पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान अमेरिका या उनके खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई करता है, तो उसे बेहद कड़े जवाब का सामना करना पड़ेगा. ऐसे में अब पूरी दुनिया की नजर अगले सप्ताह होने वाले स्मृति समारोह और मोजतबा खामेनेई की संभावित पहली सार्वजनिक मौजूदगी पर टिकी हुई है.


