दुर्ग में घर के भीतर मिले एक ही परिवार के 4 शव, मृतकों में दो नाबालिग, इलाके में सनसनी

दुर्ग में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद के चलते माता-पिता द्वारा बच्चों की हत्या कर खुद आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है.

calender

छत्तीसगढ़: दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का माना जा रहा है. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक तनाव का जिक्र किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

आर्य नगर इलाके की घटना

यह घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्णा साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है. आशंका जताई जा रही है कि माता-पिता ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर जान दे दी.

घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब गोविंद साहू के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला. परिवार के अन्य सदस्यों को शक हुआ तो गोविंद की मां ने किसी तरह कमरे के अंदर झांककर देखा. अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दी.

पुलिस ने जांच की शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोविंद और उनकी पत्नी चंचल के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव एक ही बिस्तर पर पड़े थे. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि घटनास्थल से एक पत्र बरामद हुआ है. शुरुआती जांच में पता चला है कि उसमें पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बातें लिखी गई हैं. बताया जा रहा है कि पत्नी ने नोट में पति के साथ चल रहे विवाद का भी उल्लेख किया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारण और समय की पुष्टि हो सके. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल पुलिस पड़ोसियों, रिश्तेदारों और परिवार से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके. First Updated : Friday, 22 May 2026