गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से लूट, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई चोरी

रविवार सुबह जब भाजपा विधायक रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी अज्ञात बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर रफूचक्कर हो गए. हाई-प्रोफाइल नेता के साथ हुई इस झपटमारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय वीआईपी दौरे के बीच, सूबे के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ सरेराह लूटपाट की वारदात हो गई.

मोबाइल छीनकर रफूचक्कर

रविवार सुबह जब भाजपा विधायक रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी अज्ञात बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर रफूचक्कर हो गए. हाई-प्रोफाइल नेता के साथ हुई इस झपटमारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आनन-फानन में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.

अकेले टहल रहे थे विधायक

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रायपुर के पाश इलाके शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास हुई, जो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. बिल्हा सीट से भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक रविवार सुबह अकेले ही पैदल टहलने निकले थे. इसी दौरान घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार शातिर बदमाश उनके करीब पहुंचे और पलक झपकते ही उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए. पूरी वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि वरिष्ठ नेता को संभलने या शोर मचाने तक का मौका नहीं मिला.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिग्गज भाजपा नेता के साथ लूट की खबर मिलते ही जिले के आला पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि बदमाशों के हुलिए और बाइक के नंबर की पहचान की जा सके. चूंकि राज्य में देश के गृह मंत्री मौजूद हैं, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे इलाके में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है.

राजधानी में पैर पसार रहा है 'स्नैचिंग' गिरोह

यह वारदात ऐसे समय में हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर में हैं, जहां वे बस्तर क्षेत्र में मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक की अध्यक्षता करने वाले हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दौरे को राज्य के विकास और बस्तर को माओवाद मुक्त बनाने के संकल्प के लिए ऐतिहासिक बताया था.

आंतरिक सुरक्षा की पोल खोल दी

हालांकि, इस वीआईपी मूवमेंट के बीच हुई इस लूट ने रायपुर की आंतरिक सुरक्षा की पोल खोल दी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में पिछले कुछ समय से मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. हाल ही में पंडरी इलाके में भी बदमाशों ने एक युवक पर ब्लेड से हमला कर मोबाइल लूटा था, जिससे जनता के बीच भय का माहौल है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो