हरियाणा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले
हरियाणा में देर रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ. सरकार ने 20 IPS और HPS अधिकारियों के तबादले कर दिए. सिबाश कबिराज को गुरुग्राम का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया, जबकि कुलदीप सिंह हिसार रेंज के नए आईजी नियुक्त हुए. CID, विजिलेंस और क्राइम ब्रांच में भी नए चेहरों की एंट्री हुई है.

हरियाणा: प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत व प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है. रविवार देर रात गृह विभाग की ओर से जारी आदेशों में 20 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों की घोषणा की गई. इस बदलाव के तहत गुरुग्राम, करनाल, हिसार, पंचकूला और स्टेट क्राइम ब्रांच जैसे अहम पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.
सरकार के इस फैसले को कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं.
गुरुग्राम और पंचकूला में बड़े बदलाव
सिबाश कबीराज, जो अब तक पंचकूला के पुलिस आयुक्त और साइबर व एससीआरबी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे, उन्हें अब गुरुग्राम का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है. वहीं, विकास अरोड़ा को गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर के पद से हटाकर पंचकूला पुलिस मुख्यालय में एडीजीपी प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
करनाल रेंज और एसीबी में नई तैनाती
अशोक कुमार, जो वर्तमान में सीआईडी में आईजी के पद पर तैनात थे, उन्हें करनाल रेंज का नया आईजी बनाया गया है. वहीं, मत्ता रवि किरण को करनाल रेंज के एडीजीपी पद से हटाकर सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में एडीजीपी की जिम्मेदारी दी गई है.
हिसार, रेवाड़ी और मधुबन रेंज में बदलाव
कुलदीप सिंह को आईजीपी होमगार्ड एवं कानून-व्यवस्था से ट्रांसफर कर हिसार रेंज का नया आईजी बनाया गया है. वह के. के. राव की जगह लेंगे.
-
के.के. राव को अब एडीजीपी आरटीसी भोंडसी नियुक्त किया गया है.
-
ओमप्रकाश, जो आईजीपी एचएपी मधुबन के पद पर कार्यरत थे, उन्हें दक्षिण रेंज रेवाड़ी की जिम्मेदारी दी गई है.
-
वहीं, नाजनीन भासिन को एचएपी मधुबन के साथ आरटीसी भोंडसी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है.
-
चारु बाली अब केवल एडीजीपी भोंडसी पुलिस कॉम्प्लेक्स गुरुग्राम के पद पर कार्य करेंगी.
एसपी स्तर पर भी हुए अहम बदलाव
सरकार ने जिला और विशेष शाखाओं में एसपी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं. सुरिंदर सिंह भोरिया को एसपी एसटीएफ पंचकूला बनाया गया है. इसके साथ ही उन्हें एसपी कमांडो करनाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. अदिति सिंह को एसपी सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो गुरुग्राम नियुक्त किया गया है. सिद्धार्थ ढांडा को एसपी स्टेट क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पूजा डाबला को एसपी ईआरएसएस पंचकूला बनाया गया है.
स्टेट क्राइम ब्रांच और सीआईडी में भी फेरबदल
-
राकेश कुमार आर्य को आईजीपी स्टेट क्राइम ब्रांच पंचकूला से ट्रांसफर कर आईजीपी क्राइम ब्रांच नियुक्त किया गया है.
-
सुरिंदर पाल सिंह को डीआईजी एचएपी से डीआईजी सीआईडी बनाया गया है.
-
हामिद अख्तर को डीआईजी स्टेट क्राइम ब्रांच से डीआईजी एचएपी मधुबन नियुक्त किया गया है.
-
राजेंद्र कुमार मीना को सोनीपत में डीआईजी एचएसएनसीबी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है.
-
मनहर सिंह को रोहतक में डीआईजी एचएसएनसीबी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
-
सुनील कुमार को डीआईजी स्टेट क्राइम ब्रांच पंचकूला के साथ डीआईजी एचएसएनसीबी पंचकूला का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है.
सरकार की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द नई जिम्मेदारियां संभालने को कहा गया है.


