रायपुर: दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 की चाल फिलहाल थम सी गई है। दक्षिण भारत से आगे बढ़ने के बाद यह महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के आसपास अटक गया है। वहीं पूर्वोत्तर को कवर करने के बाद मानसून बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में रुक गया है। इसकी वजह से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत 16 राज्यों में लोगों को बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक 13 जून 2026 तक मानसून केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा तक पहुंच चुका है। लेकिन छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अभी मानसून की एंट्री बाकी है।
मानसून की प्रगति फिलहाल छत्तीसगढ़ की सीमा पर आकर थम गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 15 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के बचे हिस्सों के साथ तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में आगे बढ़ा है।
विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में मानसून मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में पहुंच सकता है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 13 जून और मध्य प्रदेश में 15 जून के आसपास मानसून दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार कमजोर गतिविधियों की वजह से देरी हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में 18 से 19 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है। हालांकि दोनों राज्यों में प्री मानसून सक्रिय है, जिससे रुक-रुक कर बारिश हो रही है और मौसम में नमी बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक कई जगहों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है। वहीं मध्य प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल, सागर, रायसेन और सीहोर में तेज बारिश से मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। लेकिन कुछ जिलों में अभी भी तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मानसून की देरी से किसानों की चिंता बढ़ी है, लेकिन प्री मानसून की बारिश ने राहत जरूर दी है। मौसम विभाग लगातार अपडेट जारी कर रहा है, ताकि लोग समय पर तैयारी कर सकें। First Updated : Tuesday, 16 June 2026