CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को हुआ टाइफाइड, फिर भी बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक डटे रहेंगे
जंतर-मंतर आंदोलन के बीच CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की बात कही. वहीं, संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा चेहरा पहचानने वाली तकनीक समेत कड़ी निगरानी की व्यवस्था की गई है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ गई है. दीपके ने अपने ऑफिसियल एक्स अकाउंट पर जानकारी शेयर करते हुए बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमारी के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उनकी लड़ाई खत्म नहीं होगी.
संसद मार्ग सुरक्षा व्यवस्था सख्त
उधर, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने संसद मार्ग तथा आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है. संसद मार्ग पर अतिरिक्त लाउडस्पीकर लगाए गए हैं, जबकि सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है. जानकारी के मुताबिक, चेहरा पहचानने वाली तकनीक से लैस वाहनों की भी तैनाती की गई है, ताकि आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा सके.
Have been diagnosed with typhoid, but the fight will go on until Dharmendra Pradhan resigns! pic.twitter.com/8iHSZdF6K7
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) July 25, 2026
प्रधानमंत्री की वीडियो के बाद बदला माहौल
इस बीच, सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की पहल के बाद प्रदर्शन स्थल पर भीड़ में कमी देखने को मिली है. सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के बाद वार्ता शुरू होने से शुक्रवार को जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय रोड और संसद मार्ग के आसपास प्रदर्शनकारियों की संख्या पहले की तुलना में कम रही.
अभिजीत दीपके की प्रदर्शनकारियों से अपील
भीड़ घटने के बीच अभिजीत दीपके और CJP के अन्य पदाधिकारियों ने मंच से प्रदर्शनकारियों का उत्साह बनाए रखने की कोशिश की है. दीपके ने समर्थकों से आंदोलन जारी रखने की अपील करते हुए आशंका जताई कि प्रशासन रात के समय उन्हें हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने का प्रयास कर सकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में पहुंचने का भी आह्वान किया.
हिरासत में कन्हैया कुमार
इसी दौरान कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. वहीं, संसद मार्ग पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की. हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित कर लिया और किसी बड़े टकराव की नौबत नहीं आने दी.
दूसरी ओर, CJP की ओर से किए गए राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के आह्वान का व्यापक असर देखने को नहीं मिला. संगठन ने छात्र समूहों और समर्थकों से देशभर के जिलों में प्रदर्शन करने की अपील की थी, लेकिन मुंबई समेत कुछ चुनिंदा शहरों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी. फिलहाल दिल्ली में आंदोलन और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.


