Explainer: एसी की ठंडक में पल रही तबाही, क्लाइमेट इमरजेंसी नहीं छोड़ेगी दुनिया को रहने लायक
दुनिया इस समय सिर्फ गर्मी नहीं, बल्कि इंसानों की बनाई “क्लाइमेट इमरजेंसी” झेल रहा है। कंक्रीट के जंगल, एसी, कटते पेड़ और बढ़ता प्रदूषण शहरों को 'हीट ट्रैप'में बदल रहे हैं। कहीं 48 डिग्री तापमान लोगों को झुलसा रहा है, तो कहीं पानी और मौसम दोनों बेकाबू होते जा रहे हैं.

नई दिल्ली: दुनिया इस वक्त ऐसी गर्मी झेल रहा है, जिसने सिर्फ लोगों का पसीना नहीं निकाला, बल्कि पूरे सिस्टम की सांसें फुला दी हैं. दिल्ली में बिजली की खपत 9 हजार मेगावाट पार कर चुकी है. कई शहर 48 डिग्री तापमान में जल रहे हैं। कहीं पानी खत्म हो रहा है तो कहीं अचानक बर्फबारी हो रही है. सवाल सिर्फ मौसम का नहीं, बल्कि इंसानों की बनाई उस दुनिया का है जिसने धरती को “हीट ट्रैप” में बदल दिया है.
सुबह के 9 बजे ही सड़कें तपने लगती हैं. दोपहर आते-आते ऐसा लगता है जैसे पूरा शहर किसी तंदूर में बदल गया हो. दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं.
गर्मी नहीं, ग्लोबल तबाही शुरू
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़ रहे हैं. बिजली कंपनियों के कंट्रोल रूम लगातार अलर्ट पर हैं क्योंकि एसी की बढ़ती खपत पूरे सिस्टम पर दबाव डाल रही है. लेकिन असली सवाल यह है कि आखिर मौसम इतना हिंसक क्यों हो गया? क्या सिर्फ सूरज जिम्मेदार है? जवाब है- नहीं. इसके पीछे इंसानों की बनाई वह आधुनिक जिंदगी है, जिसने शहरों को कंक्रीट का जंगल बना दिया है.
ग्लोबलाइजेशन, अनियोजित शहरीकरण, लाखों एसी, कटते पेड़, फैक्ट्रियों का धुआं और बेतहाशा कार्बन उत्सर्जन मिलकर धरती को धीरे-धीरे आग के गोले में बदल रहे हैं. आज भारत समेत दुनिया सिर्फ गर्मी नहीं झेल रही, बल्कि “क्लाइमेट इमरजेंसी” के दरवाजे पर खड़ी हो गई है.
रहने लायक नहीं बचेगी धरती
अब हालात ऐसे हो चुके हैं कि कई शहरों में सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं. सड़कों पर काम करने वाले मजदूरों के लिए दोपहर मौत जैसा समय बन चुका है. गांवों में खेत सूख रहे हैं और शहरों में पानी के टैंकरों के पीछे लाइनें लग रही हैं. मौसम विभाग बार-बार चेतावनी दे रहा है कि आने वाले साल और ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अभी भी बड़े स्तर पर पर्यावरण को बचाने के कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दशक में भारत के कई हिस्से “अनलिवेबल जोन” बन सकते हैं. यानी वहां सामान्य जिंदगी जीना मुश्किल हो जाएगा. यह सिर्फ एक मौसम की कहानी नहीं, बल्कि इंसानी सभ्यता के भविष्य का सवाल बन चुका है.
कंक्रीट के जंगल बन गए हीट ट्रैप
एक समय था जब शहरों में पेड़ ज्यादा और सीमेंट कम दिखाई देता था। अब हालात उलट चुके हैं। हर तरफ ऊंची इमारतें, फ्लाईओवर, मॉल और सीमेंट की सड़कें हैं. यही कंक्रीट दिनभर सूरज की गर्मी को सोखता है और रातभर उसे छोड़ता रहता है. इसी को वैज्ञानिक “अर्बन हीट आइलैंड” कहते हैं. यानी शहर अपने आसपास के गांवों से कई डिग्री ज्यादा गर्म हो जाते हैं. दिल्ली इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन चुकी है.
यहां रात में भी तापमान नीचे नहीं गिरता क्योंकि सीमेंट और डामर दिनभर की गर्मी छोड़ते रहते हैं. पेड़ों की कमी हालात और खराब कर देती है. पहले पेड़ हवा को ठंडा रखते थे, अब उनकी जगह शीशे की इमारतों ने ले ली है जो सूरज की गर्मी को कई गुना बढ़ा देती हैं. यही कारण है कि अब सिर्फ दिन नहीं, रातें भी खतरनाक गर्म हो रही हैं।
कंक्रीट के जंगलों में घुटती जिंदगी
पहले लोग गर्मियों में छतों पर सो जाया करते थे, लेकिन अब रात में भी गर्म हवा लोगों को चैन नहीं लेने देती. बड़े शहरों में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है क्योंकि जमीन का प्राकृतिक संतुलन खत्म हो चुका है. पार्कों और खाली जमीनों की जगह अब पार्किंग और टावर बन चुके हैं. शहरों में मिट्टी की जगह सीमेंट ने ले ली है, जो पानी को जमीन में जाने ही नहीं देती. यही वजह है कि बारिश का पानी भी सीधे नालों में बह जाता है।.पेड़ों की कमी ने हवा की गुणवत्ता भी खराब कर दी है. आज शहर सिर्फ भीड़ से नहीं, बल्कि गर्मी से भी दम घुटने वाली जगह बनते जा रहे हैं.
ठंडक की कीमत चुकाएगी दुनिया
हर घर में एसी लगाना अब स्टेटस और जरूरत दोनों बन गया है. लेकिन बहुत कम लोग समझते हैं कि यही एसी शहरों को और ज्यादा गर्म बना रहे हैं. एसी कमरे के अंदर की गर्मी बाहर फेंकता है. यानी एक घर ठंडा होता है, लेकिन बाहर की सड़क और ज्यादा गर्म हो जाती है. दिल्ली में 9 हजार मेगावाट बिजली की खपत सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि आने वाले संकट की चेतावनी है.
इतने ज्यादा एसी चलेंगे, उतनी ज्यादा बिजली चाहिए होगी. भारत में अभी भी बिजली का बड़ा हिस्सा कोयले से बनता है. यानी ज्यादा बिजली का मतलब ज्यादा कोयला, ज्यादा धुआं और ज्यादा ग्लोबल वॉर्मिंग. यह एक ऐसा चक्र बन चुका है जहां इंसान गर्मी से बचने के लिए जो इस्तेमाल कर रहा है, वही भविष्य की गर्मी को और खतरनाक बना रहा है. आने वाले सालों में अगर एसी की संख्या ऐसे ही बढ़ती रही तो शहर रहने लायक नहीं बचेंगे.
हीट डोम बना नया खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 10 साल में भारत में एसी की संख्या कई गुना बढ़ सकती है. इसका सीधा असर बिजली ग्रिड पर पड़ेगा. गर्मी बढ़ेगी तो लोग ज्यादा एसी चलाएंगे और ज्यादा एसी चलेंगे तो बाहर का तापमान और बढ़ेगा. यही वजह है कि कई शहरों में अब “हीट डोम” जैसी स्थिति बनने लगी है. गरीब तबका सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है क्योंकि उनके पास न एसी है और न ही गर्मी से बचने के साधन. दूसरी तरफ बड़े-बड़े ऑफिस और मॉल दिन-रात ठंडक में डूबे रहते हैं. यह असमानता आने वाले समय में सामाजिक संकट भी पैदा कर सकती है.
ग्लोबलाइजेशन ने बदली धरती की चाल
1990 के बाद भारत तेजी से ग्लोबल बाजार का हिस्सा बना. बड़े-बड़े उद्योग आए, शहर फैलने लगे कारों की संख्या करोड़ों में पहुंच गई. विकास हुआ, लेकिन इसके साथ पर्यावरण का संतुलन टूटने लगा.फैक्ट्रियों से निकलता जहरीला धुआं,डीजल-पेट्रोल वाहनों का बढ़ता इस्तेमाल और लगातार फैलता निर्माण कार्य वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा लगातार बढ़ाता चला गया.
यही गैसें धरती के चारों तरफ एक अदृश्य कंबल बना देती हैं जो गर्मी को बाहर नहीं निकलने देता. नतीजा यह हुआ कि धरती का तापमान लगातार बढ़ने लगा. वैज्ञानिक कई सालों से चेतावनी दे रहे हैं कि अगर तापमान 1.5 डिग्री से ज्यादा बढ़ा तो मौसम पूरी तरह अस्थिर हो जाएगा. अब वही होता दिख रहा है. आधा भारत जल रहा है तो पहाड़ों पर अचानक बर्फबारी हो रही है. कहीं बादल फट रहे हैं तो कहीं महीनों बारिश नहीं हो रही. मौसम अब सामान्य नहीं रहा.
जिंदगी के लिए मौत बन रहा ग्लोबलाइजेनशन
ग्लोबलाइजेशन ने लोगों की जिंदगी आसान जरूर बनाई, लेकिन प्रकृति पर इसका भारी असर पड़ा. पहले जहां खेत होते थे वहां अब इंडस्ट्रियल जोन बन चुके हैं. लाखों ट्रक और कारें हर दिन जहरीला धुआं छोड़ रही हैं. मोबाइल, एसी, गैजेट्स और बड़े डेटा सेंटर बिजली की खपत को कई गुना बढ़ा चुके हैं. दुनिया भर में बढ़ती खपत ने प्राकृतिक संसाधनों पर ऐसा दबाव बनाया है, जिसे धरती अब संभाल नहीं पा रही. यही वजह है कि मौसम अब किसी नियम को नहीं मान रहा. कभी तेज बारिश, कभी सूखा और कभी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी अब नई सामान्य स्थिति बनती जा रही है.
पानी का संकट बनेगा अगले युद्ध का कारण
गर्मी के साथ सबसे बड़ा खतरा पानी का है. कई शहरों में भूजल तेजी से खत्म हो रहा है. दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में पानी का स्तर लगातार नीचे जा रहा है. गर्मी बढ़ने से पानी की मांग भी तेजी से बढ़ती है. लोग ज्यादा नहाते हैं, ज्यादा एसी चलाते हैं, ज्यादा बिजली बनती है और ज्यादा पानी खर्च होता है. दूसरी तरफ नदियां सूख रही हैं और ग्लेशियर पिघल रहे हैं.
हिमालय के ग्लेशियर अगर इसी रफ्तार से पिघलते रहे तो आने वाले दशकों में करोड़ों लोगों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो जाएगा. वैज्ञानिक इसे “स्लो मोशन डिजास्टर” कहते हैं. यानी तबाही धीरे-धीरे आ रही है, लेकिन जब पूरी तरह आएगी तब संभालना मुश्किल होगा. आने वाले समय में पानी पेट्रोल से ज्यादा कीमती हो सकता है.
प्यासे शहर, सूखता भविष्य
आज कई शहरों में लोग रातभर सिर्फ पानी भरने के लिए जागते हैं. गांवों में महिलाएं कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं. भूजल का स्तर इतना नीचे जा चुका है कि पुराने हैंडपंप सूख चुके हैं. नदियों का पानी भी अब जहरीला होता जा रहा है. अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में राज्यों के बीच पानी को लेकर बड़े विवाद खड़े हो सकते हैं. विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि भविष्य के युद्ध सिर्फ जमीन नहीं, बल्कि पानी के लिए भी लड़े जाएंगे.
मौसम क्यों हो गया इतना खतरनाक
पहले गर्मी पड़ती थी, लेकिन मौसम में एक संतुलन था. अब अचानक आंधी, ओलावृष्टि, बर्फबारी और हीटवेव एक साथ देखने को मिल रही हैं. इसकी वजह है जलवायु परिवर्तन. जब धरती ज्यादा गर्म होती है तो हवा का दबाव बदलता है. समुद्र तेजी से गर्म होते हैं. इससे मानसून का पैटर्न बिगड़ जाता है. यही कारण है कि कभी मई में बारिश हो रही है तो कभी दिसंबर में गर्मी पड़ रही है.
पहाड़ों पर बर्फबारी का समय बदल गया है. वैज्ञानिकों के मुताबिक अरब सागर और हिंद महासागर पहले से ज्यादा गर्म हो चुके हैं. इससे तूफान ज्यादा खतरनाक बन रहे हैं. भारत अब उस दौर में पहुंच चुका है जहां मौसम की भविष्यवाणी करना भी मुश्किल होता जा रहा है. यानी प्रकृति इंसानों को साफ संकेत दे रही है कि अब बहुत देर हो चुकी है.
समुद्र से पहाड़ तक संकट
अब मौसम का कोई भरोसा नहीं रह गया है. किसान समझ नहीं पा रहे कि बुवाई कब करें और फसल कब काटें. अचानक होने वाली बारिश और ओले फसलों को बर्बाद कर रहे हैं. पहाड़ों में भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. समुद्र किनारे बसे शहरों पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है क्योंकि समुद्र का स्तर धीरे-धीरे ऊपर उठ रहा है. यह सब सिर्फ प्राकृतिक बदलाव नहीं, बल्कि इंसानों की लापरवाही का नतीजा है.
इंसान खुद बना अपनी तबाही का कारण
सबसे डरावनी बात यह है कि इस संकट का सबसे बड़ा जिम्मेदार खुद इंसान है. विकास की अंधी दौड़ में शहरों को सांस लेने की जगह ही नहीं छोड़ी गई. हरियाली खत्म कर दी गई. नदियों को सीमेंट से भर दिया गया. प्लास्टिक, धुआं और कार्बन ने हवा जहरीली बना दी. लोग बड़ी गाड़ियां और बड़े घर चाहते हैं, लेकिन कोई यह नहीं सोचता कि इसकी कीमत धरती चुका रही है.
आज हालात यह हैं कि बच्चे खुले मैदान में खेल नहीं पा रहे, बुजुर्ग घरों में कैद हैं और मजदूर सड़क पर मर रहे हैं. अगर अब भी इंसान नहीं संभला तो आने वाले 20-30 सालों में भारत के कई शहरों में रहना बेहद मुश्किल हो सकता है. विशेषज्ञ चेतावनी दे चुके हैं कि हीटवेव भविष्य का सबसे बड़ा “साइलेंट किलर” बनने वाली है.
वातावरण को बर्बाद कर रहा मोबाइल और इंटरनेट
मोबाइल, इंटरनेट और आधुनिक सुविधाओं ने जिंदगी आसान जरूर बनाई, लेकिन पर्यावरण पर इसका भारी बोझ पड़ा है. हर दिन करोड़ों टन कचरा पैदा हो रहा है. जंगल काटकर नई कॉलोनियां बनाई जा रही हैं. लोग जरूरत से ज्यादा संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. धरती लगातार इंसानों को चेतावनी दे रही है, लेकिन दुनिया अब भी विकास की अंधी दौड़ में भाग रही है. अगर अब भी इंसान नहीं रुका तो आने वाली पीढ़ियां शायद साफ हवा और ठंडे मौसम को सिर्फ किताबों में पढ़ेंगी.
अब भी वक्त है संभलने का
हालात गंभीर जरूर हैं, लेकिन पूरी तरह बेकाबू नहीं हुए. शहरों में बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने होंगे. ग्रीन बिल्डिंग मॉडल अपनाने होंगे. सोलर एनर्जी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ाना होगा. एसी के इस्तेमाल को समझदारी से नियंत्रित करना होगा. पानी बचाने की आदत डालनी होगी. सरकारों को भी सिर्फ चुनावी वादों से आगे बढ़कर “क्लाइमेट इमरजेंसी” को राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा मानना होगा. क्योंकि यह सिर्फ मौसम की कहानी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व का सवाल है. आज अगर इंसान नहीं जागा, तो कल सूरज नहीं, इंसान खुद अपनी ही कबर खोद लेगा.
धरती बची तो भविष्य बचेगा
दुनिया के कई देश अब क्लाइमेट इमरजेंसी को लेकर सख्त कदम उठा रहे हैं. भारत को भी तेजी से हरित नीतियों की तरफ बढ़ना होगा. स्कूलों में बच्चों को पर्यावरण शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखनी चाहिए. हर शहर में जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के बड़े अभियान शुरू करने होंगे. यह लड़ाई सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है. क्योंकि अगर धरती बची रहेगी तभी इंसान का भविष्य सुरक्षित रहेगा.


