हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में तैरता मिला दिल्ली के छात्र का शव
हरियाणा में स्विमिंग पूल में डूबने से क्रिकेट पीजी डिप्लोमा छात्र निशांत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने साजिश और लापरवाही की आशंका जताई है, जबकि यूनिवर्सिटी ने पूल सील कर जांच कमेटी गठित कर दी है.

सोनीपत: हरियाणा की राय स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी एक बार फिर गंभीर विवादों में आ गई है. यूनिवर्सिटी परिसर स्थित स्विमिंग पूल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया. मृत छात्र की पहचान 28 वर्षीय निशांत के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पलवल जिले का निवासी था और फिलहाल दिल्ली के गौतम नगर में रह रहा था. वह यूनिवर्सिटी में क्रिकेट विषय से पीजी डिप्लोमा कर रहा था.
अभ्यास करने गया था निशांत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम निशांत क्रिकेट ग्राउंड में अभ्यास करने के बाद आराम करने के लिए स्विमिंग पूल की ओर गया था. कुछ समय बाद उसका शव पूल के पानी में दिखाई दिया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई. घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्र की अचानक मौत से साथी विद्यार्थी भी सदमे में हैं.
इस घटना के बाद निशांत के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है. बताया जा रहा है कि निशांत विवाहित था और कुछ महीने पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था. परिवार का कहना है कि इतनी कम उम्र में इस तरह की मौत सामान्य हादसा नहीं लगती. परिजनों ने आशंका जताई है कि मामले में गंभीर लापरवाही या किसी प्रकार की साजिश हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने की कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है. यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर स्विमिंग पूल को फिलहाल सील कर दिया गया है. साथ ही घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया गया है, जो सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी.
वहीं पुलिस भी मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है. जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेजा गया. पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा उठाए गए सवालों को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.


