समंदर से बढ़ रहा 'सफेद बादलों' का विशाल गुबार, IMD की कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बनने की संभावना है. इसके चलते अगलो 7 दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी से भरे बादलों का बड़ा सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसके असर के चलते पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. 

अगले 24 घंटों में बदलेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं.

ओडिशा के चेतावनी जारी 

बदलते मौसम को देखते हुए IMD ने ओडिशा के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 14 और 15 जुलाई को राज्य के कुछ इलाकों में 204 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हो सकती है. वहीं भारी बारिश के चलते जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में ओडिशा के केंद्रपाड़ा और बिहार के पश्चिम चंपारण में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है.

उत्तर भारत का कैसा रहेगा मौसम 

वहीं, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी। हालांकि, बीच-बीच में हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की दी गई सलाह

पर्वतीय राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में 14 से 19 जुलाई के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है. दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मानसून के बावजूद गर्मी का असर बना हुआ है. IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और रायलसीमा में लू चलने की चेतावनी दी है. साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो