जम्मू-कश्मीर के डोडा में दो जगह फटा बादल, अचानक आई बाढ़ से सड़कें बंद, कई गांवों का संपर्क टूटा
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के बीच दो स्थानों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ और मलबा आने के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है और कई गांवों का संपर्क टूट गया हैं.

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया है. बता दें, जिले के भलेसा क्षेत्र के कलालगीसर इलाके में भारी बारिश के बीच दो बार बादल फटने की घटना सामने आई है. इसके बाद इलाके में तेज बहाव के साथ पानी और मलबा नीचे की ओर आ गया, जिसके कारण कई स्थानों पर सड़कों के क्षतिग्रस्त और यातायात के पूरी तरह प्रभावित होने की खबर सामने आई है. प्रशासन ने हालात पर नजर रखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
बाढ़ के कारण बंद हुआ सड़क मार्ग
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान बादल फटने की घटनाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। अचानक आई बाढ़ के कारण बड़ी मात्रा में पत्थर, मिट्टी और अन्य मलबा सड़कों पर जमा हो गया, जिससे कई मार्ग बंद हो गए. इसका सबसे ज्यादा असर भलेसा पट्टी के उन गांवों पर पड़ा, जिनका सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है.
ડોડા, જમ્મુ-કાશ્મીરમાં મેઘરાજાએ ભારે તાંડવ મચાવ્યું..!
ભાલેસા વિસ્તારના કલાલગીસર ગામમાં બે જગ્યાએ વાદળ ફાટતાં અચાનક પૂર જેવી સ્થિતિ સર્જાઈ ગઈ. પાણી અને કાટમાળ રસ્તાઓ પર ફરી વળ્યાં, જેના કારણે ઘણા રસ્તાઓ બંધ થઈ ગયા અને લોકોનું જનજીવન ખોરવાઈ ગયું.
કુદરત સામે કોઈનું ચાલતું નથી,… pic.twitter.com/iNaSYXDrvn— Krishna (@HeyKisu) July 1, 2026
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मौसम की स्थिति को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है. लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. ऐसे में राहत और सड़क बहाली का कार्य तभी शुरू किया जाएगा, जब मौसम में सुधार होगा और संबंधित क्षेत्रों में काम करना सुरक्षित माना जाएगा.
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से की अपील
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में जाने का जोखिम न उठाएं. इसके साथ ही नागरिकों से कहा गया है कि वे केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.
प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि सड़क संपर्क बहाल करने और प्रभावित इलाकों तक जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है. वहीं मौसम सामान्य होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा.
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का लगातार आकलन करना है. मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.


