कांग्रेस ने PM मोदी के लिए बुक किया हवाई टिकट, बोले- अब तो बस चढ़ जाइए, जलता मणिपुर इंतजार कर रहा है

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पीएम मोदी के असम दौरे पर तीखा तंज कसा. मणिपुर में जारी हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, मणिपुर बस एक घंटे की उड़ान दूर है. कांग्रेस ने मजाकिया अंदाज में पीएम के नाम पर गुवाहाटी से इम्फाल का फ्लाइट टिकट बुक कर दिया.

calender

नई दिल्ली: असम के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बेहद व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री से हिंसा प्रभावित मणिपुर जाने की अपील की है.

खेड़ा का तंज

खेड़ा ने अपने पोस्ट में लिखा कि चुनाव वाले राज्य हमेशा आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता होते हैं, लेकिन मणिपुर को 'छोड़ा नहीं जाना चाहिए. राज्य 2023 से जल रहा है, और अब फिर से जल रहा है. उन्होंने दोनों राज्यों के बीच कम दूरी की तरफ इशारा करते हुए लिखा कि आप आज असम में हैं. मणिपुर यहां से सिर्फ एक घंटे की दूरी पर है. कृपया वहां भी जाइए. प्रधानमंत्री की उपस्थिति मणिपुर के लोगों को आश्वस्त करने में बहुत मददगार साबित हो सकती है.

खेड़ा का पीएम मोदी को ऑफर

खेड़ा ने फ्लाइट टिकट की फोटो साझा करते हुए लिखा कि आपकी आसानी के लिए हमने गुवाहाटी से इम्फाल का टिकट बुक कर दिया है, आपको बस विमान में सवार होना है. चूंकि मेरे पास आपका नंबर नहीं था, इसलिए मैं टिकट यहीं साझा कर रहा हूं. उन्होंने केंद्र के 'PM CARES' फंड पर कटाक्ष करते हुए संदेश दिया कि प्रधानमंत्री वहां जाकर दिखाएं कि वह वाकई मणिपुर की परवाह करते हैं. वहां के लिए कुछ करना चाहते है.

सोशल मीडिया पर बहस

इस अनूठे राजनीतिक विरोध ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. जहां कांग्रेस समर्थक इसे मणिपुर की अनदेखी का मुद्दा बना रहे हैं, वहीं आलोचक इसे राजनीतिक नौटंकी कह रहे हैं. First Updated : Saturday, 14 February 2026