असम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, 23 कैंडिडेट्स का किया ऐलान
असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है. अब तक पार्टी 65 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है, जबकि 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई हैं.

असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में पार्टी ने शनिवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें कुल 23 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं. इससे पहले कांग्रेस पहली सूची में 42 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. नई सूची के साथ अब तक पार्टी कुल 65 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है.
गोलकगंज सीट से कार्तिक चंद्र राय बने उम्मीदवार
दूसरी सूची में धुबरी जिले की गोलकगंज सीट से कार्तिक चंद्र राय को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि बिरसिंग जरुआ से वाजेद अली चौधरी को टिकट दिया गया है. बिलासीपारा से अमृत बादशा और मनकाचर से मोहिबुर रहमान को मैदान में उतारा गया है. गोलपाड़ा पूर्व से अबुल कलाम रशीद आलम को प्रत्याशी बनाया गया है. वहीं, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित दुधनाई सीट से किशोर कुमार ब्रह्मा को टिकट मिला है.
Congress releases the second list of 23 candidates for the upcoming Assam Assembly Elections. pic.twitter.com/84pXk5sKY4
— ANI (@ANI) March 14, 2026
पार्टी ने सृजनग्राम सीट से नुरुल इस्लाम और मंडिया से अब्दुल खालिक को उम्मीदवार बनाया है. चमरिया से रकीबुद्दीन अहमद चुनाव लड़ेंगे, जबकि रंगिया सीट से प्राणजीत चौधरी को मौका दिया गया है. डिमोरिया (एससी) सीट से किशोर कुमार बरुआ और न्यू गुवाहाटी से सांतनु बोरा को टिकट मिला है. मंगलदै सीट से रिजुमोनी तालुकदार को उम्मीदवार बनाया गया है.
तिनसुकिया से डेविड फुकन को बनाया गया उम्मीदवार
होजाई से झिल्ली चौधरी और ढेकियाजुली से बताश उरंग को मैदान में उतारा गया है. रंगापाड़ा सीट से कार्तिक चंद्र कुर्मी, गोहपुर से डॉ. शंकर ज्योति कुटुम और धेमाजी (एसटी) सीट से सैलेन सोनोवाल को टिकट दिया गया है. तिनसुकिया से डेविड फुकन और टिंगखोंग से बिपुल गोगोई कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे. डेरगांव से सगोरिका बोरा, धोलाई (एससी) से ध्रुबज्योति पुरकायस्थ और करीमगंज दक्षिण से अमीनूर रशीद चौधरी को भी उम्मीदवार बनाया गया है.
इसके अलावा कांग्रेस ने गठबंधन की रणनीति को ध्यान में रखते हुए कुछ सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं. इनमें भवानीपुर-सोरभोग, बजाली, पलासबाड़ी, गुवाहाटी सेंट्रल, गोरेश्वर, मोरीगांव और बरहमपुर सीट शामिल हैं. कांग्रेस अब तक कुल 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ चुकी है.
पार्टी का कहना है कि चुनावी रणनीति और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है. आने वाले दिनों में पार्टी बाकी सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है.


