सीपी राधाकृष्णन आज लेंगे उपराष्ट्रपति पद की शपथ, 152 मतों के अंतर से दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत

देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है. एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन आज राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण करेंगे. उन्होंने हाल ही में हुए चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी.

calender

CP Radhakrishnan: देश के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार सुबह शपथ ग्रहण करेंगे. यह शपथ समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी.

राधाकृष्णन ने मंगलवार को संपन्न हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी. उन्होंने विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को हराकर विजय हासिल की. यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद कराया गया था.

उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार की जीत

उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए. इस प्रकार राधाकृष्णन ने 152 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. चुनाव में 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, जो कि 98.2 प्रतिशत मतदान दर्शाता है.

प्रधानमंत्री मोदी ने दी जीत की बधाई

राज्यसभा के महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने आधिकारिक रूप से चुनाव परिणाम की घोषणा की. परिणाम आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को जीत की बधाई दी और कहा कि वे भारत के संवैधानिक मूल्यों को और सुदृढ़ करेंगे तथा संसदीय परंपराओं में सकारात्मक योगदान देंगे.

महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से दिया इस्तीफा

उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया. राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अस्थायी रूप से महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है. First Updated : Friday, 12 September 2025