Weather Update: अगले 72 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP समेत 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना व्यक्त की है. अगले 72 घंटों में पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है. आइए, मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करें.

calender

Delhi Weather Update Today: दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले 72 घंटों में इन क्षेत्रों में बारिश और सर्द हवाओं की संभावना जताई है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण पश्चिमी हिमालय और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदलेगा. इसके चलते बारिश और बर्फबारी के साथ शीतलहर की वापसी हो सकती है.

गणतंत्र दिवस पर सुहाना रहा मौसम

आपको बता दें कि 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम सुहावना रहा. दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात में यह गिरकर 8 डिग्री तक पहुंच गया. हल्की हवाओं और धूप के कारण लोगों ने दिन का लुत्फ उठाया. हालांकि, सोमवार सुबह दिल्ली-NCR में हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा.

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

वहीं मौसम विभाग के अनुसार, 29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हल्की बारिश होने का अनुमान है. उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है.

कभी गर्मी, कभी सर्दी से परेशान लोग

बताते चले कि उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जबकि मध्य और पूर्वी भारत में यह 10-18 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ है. राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और झारखंड के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 1.6-3.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है. First Updated : Monday, 27 January 2025