दिल्ली में भारी बारिश का कहर: जलभराव में डूबे इलाके, 7 साल के बच्चे की हुई मौत

गुरुवार को दिल्ली और NCR में लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश हुई। सड़कें तालाब बन गईं, ट्रैफिक जाम हुआ और जलभराव की वजह से एक दर्दनाक हादसा भी हो गया।

calender

नई दिल्ली: गुरुवार को दिल्ली और NCR में लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश हुई। सड़कें तालाब बन गईं, ट्रैफिक जाम हुआ और जलभराव की वजह से एक दर्दनाक हादसा भी हो गया। संजय कॉलोनी में बारिश के पानी से भरे प्लॉट में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई।  

संजय कॉलोनी में डूबने से गई मासूम की जान   

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान रेहान के रूप में हुई है। वो समयपुर बादली इलाके में रहता था। बताया जा रहा है कि बच्चा घर से लापता हुआ था। करीब 2 घंटे की तलाश के बाद उसका शव एक पानी से भरे प्लॉट में मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।  

ये NCR में बारिश से जुड़ी दूसरी डूबने की घटना है। गुरुवार को ही गाजियाबाद के विजय नगर में 3 साल की पल्लवी घर के बाहर खेलते समय नाले में गिर गई और उसकी डूबकर मौत हो गई। दिल्ली में बारिश से जुड़ी ये चौथी मौत है। बुधवार को रोहिणी में तीन मंजिला इमारत गिरने से 3 लोगों की जान जा चुकी है।  

दिल्ली-NCR में कहां कितनी बारिश   

IMD के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को सबसे ज्यादा बारिश उत्तर-पूर्व दिल्ली के खजूरी में 160 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली यूनिवर्सिटी में 90 मिमी और महरौली में 86 मिमी बारिश हुई। पूस और लोधी रोड AWS में 83-83 मिमी, लोधी रोड 80 मिमी, रिज 78 मिमी, सफदरजंग 72.6 मिमी और छतरपुर में 72 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।  

पालम और नारायण में 63-63 मिमी, जनकपुरी 62 मिमी, अय्यनगर 57 मिमी, प्रगति मैदान 50 मिमी, नजफगढ़ 43 मिमी, मुंगेशपुर 41 मिमी, झरोदा कलां 33 मिमी और जाफरपुर में 6 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश की वजह से दिल्ली का तापमान भी लुढ़क गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7.4 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया।  

मौसम विभाग का अलर्ट: शुक्रवार को भी बारिश  

मौसम विभाग ने कहा है कि राजधानी में शुक्रवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जब तक ये सिस्टम उत्तर की ओर नहीं खिसकेगा, तब तक दिल्ली-NCR में भारी बारिश के आसार हैं।  

हालांकि राहत की खबर ये है कि 12 जुलाई से मौसम साफ होने और बारिश कम होने की संभावना है। तब तक जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बनी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नालों, खुले मैनहोल और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। बच्चों को अकेले बाहर न निकलने दें।   First Updated : Friday, 10 July 2026