तरुण की हत्या के बाद CM रेखा गुप्ता ने परिवार से की मुलाकात, बोलीं - 'दोषियों को छोड़ूंगी नहीं और...'
सीएम रेखा गुप्ता ने उत्तम नगर में मारे गए तरुण के परिवार से आज मुलाकात की है. उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख जताया. साथ ही आरोपियों को कड़ी सजा देने की बात कही है.

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तम नगर में होली के दौरान हुई दर्दनाक घटना में मारे गए 26 वर्षीय तरुण के परिवार से सोमवार को मुलाकात की. दिल्ली सचिवालय में हुई इस मुलाकात में सीएम ने परिवार को गहरा दुख जताया और न्याय का भरोसा दिलाया.
उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी और हिंसा को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अपराधियों के खिलाफ सख्त और तेज कार्रवाई होगी, ताकि समाज को साफ संदेश मिले कि दिल्ली में अपराध की कोई जगह नहीं है.
क्या है उत्तम नगर की पूरी घटना?
बुधवार को जेजे कॉलोनी में होली खेलते समय एक छोटी सी बात पर विवाद शुरू हुआ. तरुण के परिवार का दावा है कि एक गुब्बारे से रंगीन पानी गलती से पड़ोस की महिला पर गिर गया. महिला ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया और माफी मांगने के बावजूद अपने रिश्तेदारों को बुला लिया. रात करीब 11 बजे 10-12 लोग डंडों से लैस होकर तरुण के घर पर पहुंचे.
उन्होंने परिवार पर हमला किया, दरवाजे बाहर से बंद कर दिए और तरुण पर बेरहमी से पीटा. तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. तरुण के पिता मेमराज ने बताया कि हमले में उनके भाई, पत्नी और खुद को भी चोटें आई.
CM ने परिवार को दिया पूरा सहयोग का वादा
मुलाकात के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने परिवार की पीड़ा को समझा. उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. सरकार पीड़ित परिवार को हर तरह की मदद देगी, जिसमें आर्थिक सहायता, कानूनी सहयोग और परिवार की सुरक्षा शामिल है.
सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि दिल्ली सरकार संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ परिवार के साथ खड़ी है. ऐसी अमानवीय घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
दिल्ली पुलिस ने मामले में तेजी से एक्शन लिया. सोमवार तक कुल 14 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें सात नए नाम शामिल हैं. एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. रविवार को दिल्ली नगर निगम ने एक आरोपी के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ढहा दिया. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
सीएम का सख्त संदेश
रेखा गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि दिल्ली में हिंसा और गुंडागर्दी पर जीरो टॉलरेंस नीति है. इस केस में उदाहरणात्मक कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे. परिवार ने सीएम के समर्थन से कुछ राहत महसूस की है. अब सबकी नजर न्याय पर टिकी है.


