मुफ्त बिजली, मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त इलाज और 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य योजना; CM मान ने महिलाओं को दिया बड़ा तौफा

आज विधानसभा में सीएम भगवंत मान ने महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक के लिए कई बड़ी योजनाओं की बात की है. हर महीने महिलाओं को 1 हजार रुपये मिलेंगे और 10 लाख का मुफ्त इलाज भी दिया जाएगा.

Sonee Srivastav

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज विधानसभा में कहा कि महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की घोषणा पर विपक्षी पार्टियां निराश दिख रही हैं. यह उनकी निराशा साफ बताती है कि 2027 में आम आदमी पार्टी की पंजाब में फिर से सत्ता आने का डर उन्हें सता रहा है. 

उन्होंने कहा कि जहां शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस ने अपने चुनावी वादों को बार-बार तोड़ा और लोगों से धोखा किया, वहीं आप सरकार ने मेनिफेस्टो को पवित्र दस्तावेज माना और चार साल में हर गारंटी पूरी की है.

महिलाओं में खुशी की लहर

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना की घोषणा के बाद राज्य की महिलाओं में खुशी की लहर है. सामान्य वर्ग की 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये और एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये मिलेंगे.

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए 1000-1500 रुपये बहुत बड़ी रकम है. यह राशि मां-बेटियों के सम्मान का प्रतीक है. 13 अप्रैल से इस योजना का रजिस्ट्रेशन शुरू होगा.

40 लाख परिवारों को पौष्टिक भोजन

मुख्यमंत्री ने ‘मेरी रसोई’ योजना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कई परिवार अच्छा भोजन न मिलने से पोषण की कमी झेलते हैं. इस योजना के तहत 40 लाख परिवारों को राशन में चीनी, दाल, सरसों का तेल और नमक मिलेगा. इसके लिए 1000 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है.

10 लाख का मुफ्त इलाज

स्वास्थ्य क्षेत्र में भगवंत मान ने कहा कि 881 आम आदमी क्लीनिकों में 5 करोड़ से ज्यादा ओपीडी हो चुकी है. ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है. 900 सरकारी और प्राइवेट अस्पताल सूचीबद्ध हैं. लहिरागागा, संगरूर, मलेरकोटला, होशियारपुर और कपूरथला में नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे. 2022 से अब तक 934 डॉक्टरों की भर्ती हुई है.

शिक्षा में सुधार: स्कूल ऑफ एमिनेंस और विश्व स्तर की ट्रेनिंग

शिक्षा के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस बन रहे हैं. प्रिंसिपल और शिक्षकों को फिनलैंड, सिंगापुर और आईआईएम अहमदाबाद में ट्रेनिंग दी जा रही है. 2022 से 13,765 शिक्षकों की भर्ती हुई है. नेशनल अचीवमेंट सर्वे-2024 में पंजाब ने टॉप स्थान हासिल किया. एआई की ट्रेनिंग भी शुरू हो गई है.

सबसे ज्यादा गन्ने का भाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार खेतों में दिन में बिजली मिल रही है. गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल है. फिरोजपुर फीडर नहर का नवीनीकरण हुआ और नई मालवा नहर बन रही है. गांवों में लाइब्रेरी और 3200 खेल मैदान विकसित हो रहे हैं.

63,943 युवाओं को नौकरी

भगवंत मान ने कहा कि 63,943 युवाओं को बिना रिश्वत और सिफारिश के नौकरी दी गई है. लुधियाना में टाटा स्टील प्लांट 20 मार्च को खुल रहा है, जिसमें 4000 युवाओं को रोजगार मिलेगा. 13-15 मार्च को मोहाली में निवेश सम्मेलन होगा. जापान की कंपनी 1300 करोड़ का निवेश करेगी.

मुफ्त बिजली, टोल प्लाजा बंद और सड़क सुरक्षा

90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है. बिजली रेट 70 पैसे से 1.50 रुपये तक घटाए गए. 19 टोल प्लाजा बंद करने से रोज 64 लाख रुपये की बचत हो रही है. सड़क सुरक्षा फोर्स से हादसों में मौत 48 प्रतिशत कम हुई है.

भ्रष्टाचार पर सख्ती और बाढ़ राहत

भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर 1000 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं. बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा दिया गया. 84 हजार 889 क्विंटल गेहूं बीज मुफ्त बांटा गया. तीर्थ यात्रा योजना से बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं.

अकाली दल और कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री ने अकाली दल पर कहा कि बादल परिवार ने पंजाब को लूटा. कांग्रेस पर तंज कसा कि 2027 में उनकी हालत खराब होगी. अंत में उन्होंने कहा कि सरकार समर्पण से पंजाब को शहीदों के सपनों का पंजाब बनाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag