IND vs ZIM: भारत-जिम्बाब्वे तीसरे T20I मैच को फ्री में कैसे देखें? यहां पाएं मुकाबले से जुड़ी सभी डिटेल्स

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया फॉम में बनी हुई है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया पहले ही शुरुआती दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है. अब भारतीय टीम की नजर जिम्बाब्वे का 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होगी. ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह है.

कब और कहां खेला जाएगा मैच?

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 26 जुलाई (रविवार) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब, जिम्बाब्वे में खेला जाएगा. सीरीज के पहले दोनों मैच भी इसी मैदान पर खेले गए थे.

कितने बजे शुरू होगा मुकाबला?

यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा. वहीं, दोनों टीमों के कप्तान शाम 4:00 बजे टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे.

टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव मैच?

अगर आप टीवी पर मैच देखना चाहते हैं तो इसका सीधा प्रसारण Unite8 Sports चैनल पर किया जाएगा. वहीं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. ऑनलाइन मैच देखने के लिए सक्रिय सब्सक्रिप्शन की आवश्यकता होगी.

फ्री में कैसे देखें मैच?

जो दर्शक बिना अतिरिक्त शुल्क के मुकाबला देखना चाहते हैं, वे अपने टेलीकॉम या ब्रॉडबैंड सेवा प्रदाता के उपलब्ध ऑफर्स की जांच कर सकते हैं. कई बार कुछ रिचार्ज प्लान या पार्टनर ऑफर्स के साथ स्ट्रीमिंग सुविधा शामिल होती है. उपलब्ध विकल्प आपके सेवा प्रदाता पर निर्भर करेंगे.

दूसरे टी20 में भारत ने किया था शानदार प्रदर्शन

दूसरे मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 219 रन बनाए थे. ईशान किशन ने 81 रन और तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन की शानदार पारी खेली. जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 129 रन पर सिमट गई और भारत ने 90 रन से शानदार जीत दर्ज की.

टीम इंडिया में हो सकते हैं बदलाव

तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम कुछ बदलाव के साथ उतर सकती है. तेज गेंदबाज प्रिंस यादव पिछले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे, इसलिए उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को मौका मिल सकता है. वहीं ईशान किशन, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा से एक बार फिर बड़ी पारी और दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो