नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने एक बार फिर अपना असर दिखाया है. बुधवार रात से शुरू हुई तेज बारिश ने राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों की रफ्तार धीमी कर दी. कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम और जलभराव के कारण काफी परेशानी हुई. मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को भी बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए दिल्ली के लिए येलो अलर्ट और कुछ इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है.
लगातार हो रही बारिश का असर दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में साफ देखने को मिला. कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई. दिल्ली के आईटीओ, रिंग रोड, नजफगढ़, मयूर विहार और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही. वहीं, नोएडा की फिल्म सिटी और आसपास की सड़कों पर भी जगह-जगह पानी जमा हो गया.
गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद हालात सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. पिछले 33 घंटों में करीब 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर की कई सड़कें पानी में डूब गई. दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड और कई अन्य इलाकों में जलभराव के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. कई वाहन बीच सड़क में बंद हो गए और लोगों को देर रात तक जाम में फंसे रहना पड़ा.
मौसम विभाग के अनुसार, पूसा में 66 मिमी, लोधी रोड में 65 मिमी, महरौली में 63 मिमी, मयूर विहार में 57 मिमी, छतरपुर में 47 मिमी, नारायणा और नजफगढ़ में 42-42 मिमी, जबकि जनकपुरी और प्रगति मैदान में 34-34 मिमी बारिश दर्ज की गई. गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई.
आईएमडी के अनुसार, 9 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने और मौसम की ताजा जानकारी के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी है. लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है. First Updated : Thursday, 09 July 2026